scorecardresearch
Wednesday, 29 April, 2026
होमदेशप्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी-पुणे और अयोध्या-मुंबई अमृत भारत एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी

प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी-पुणे और अयोध्या-मुंबई अमृत भारत एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी

Text Size:

वाराणसी (उप्र), 28 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी से उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच रेल कनेक्टिविटी को बढ़ावा देते हुए दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इनमें वाराणसी से पुणे (हडपसर) और अयोध्या से मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) के बीच ट्रेन शामिल हैं।

रेल मंत्रालय के अनुसार, यह कदम धार्मिक पर्यटन और आर्थिक गतिशीलता दोनों के लिए महत्वपूर्ण है।

वाराणसी और अयोध्या प्रमुख आध्यात्मिक केंद्र हैं जहां हर साल लाखों श्रद्धालु आते हैं। मुंबई और पुणे जैसे महानगरों से बेहतर कनेक्टिविटी से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और आजीविका को सहारा मिलेगा।

मंत्रालय ने कहा, ‘बनारस-हडपसर सेवा से काशी विश्वनाथ धाम तक पहुंच आसान होगी, जबकि अयोध्या-मुंबई सेवा से श्री राम मंदिर तक कनेक्टिविटी बेहतर होगी।’

इन ट्रेनों से दैनिक यात्रियों, प्रवासी श्रमिकों और तीर्थयात्रियों को लाभ होगा। उन्हें सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी और ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

बनारस-हडपसर अमृत भारत एक्सप्रेस: पहली यात्रा बनारस से शाम को शुरू होगी और अगले दिन देर रात हडपसर पहुंचेगी। करीब 30 घंटे की यात्रा में यह ट्रेन 18 स्टेशनों पर रुकेगी। इनमें ज्ञानपुर रोड, प्रयागराज, फतेहपुर, गोविंदपुरी, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, बीना, रानी कमलापति, नर्मदापुरम, इटारसी, हरदा, खंडवा, भुसावल, जलगांव, मनमाड, कोपरगांव, अहिल्यानगर और दौंड शामिल हैं।

अयोध्या-मुंबई अमृत भारत एक्सप्रेस: पहली यात्रा शाम को अयोध्या कैंट से शुरू होकर अगले दिन देर शाम मुंबई एलटीटी पहुंचेगी। लगभग 28 घंटे की यात्रा में यह 12 स्टेशनों पर रुकेगी। इनमें अयोध्या कैंट, सुल्तानपुर, मां बेल्हा देवी प्रतापगढ़, प्रयागराज जंक्शन, मानिकपुर, सतना, जबलपुर, इटारसी, भुसावल, जलगांव, नासिक रोड, कल्याण और ठाणे शामिल हैं।

अधिकारियों ने बताया कि पहली यात्रा के बाद जल्द ही दोनों ट्रेन का नियमित संचालन शुरू होगा। अमृत भारत ट्रेन को आम आदमी के लिए डिजाइन किया गया है। ये ट्रेन आराम और सुविधाजनक होने के साथ किफायती भी हैं। इनका किराया नियमित मेल/एक्सप्रेस ट्रेन से लगभग 15 से 17 प्रतिशत अधिक है।

भाषा आनन्द सलीम संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments