scorecardresearch
Monday, 27 April, 2026
होमदेशप्रधानमंत्री सिक्किम की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे

प्रधानमंत्री सिक्किम की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे

Text Size:

(तस्वीर के साथ)

गंगटोक, 27 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार शाम सिक्किम पहुंचे। वह सिक्किम राज्य की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे और 4,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे।

लिबिंग हेलीपैड पर राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर और मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया।

उन्होंने बताया कि मोदी के आगमन को देखते हुए राज्य की राजधानी और आसपास के इलाकों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। वे हेलीपैड से रंगारंग रोड शो का नेतृत्व करते हुए लोकभवन जाएंगे।

प्रधानमंत्री रविवार को गंगटोक स्थित ‘ऑर्किडेरियम’ का दौरा करेंगे। राज्य की पारिस्थितिकी और पुष्प विरासत को प्रदर्शित करने के लिए सिक्किम राज्य स्थापना की स्वर्ण जयंती पर एक विश्व स्तरीय ‘ऑर्किड अनुभव केंद्र’ के रूप में ‘स्वर्ण जयंती मैत्री मंजरी पार्क’ विकसित किया गया है।

पालजोर स्टेडियम में सिक्किम राज्य की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने से जुड़े समारोह के समापन कार्यक्रम में भाग लेने के साथ प्रधानमंत्री 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का अनावरण करेंगे।

ये परियोजनाएं अवसंरचना, संपर्क, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, बिजली, शहरी विकास, पर्यावरण, पर्यटन और कृषि सहित कई क्षेत्रों को कवर करती हैं। इस अवसर पर मोदी सभा को संबोधित भी करेंगे।

पिछले वर्ष राज्य के रूप में सिक्किम के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित वार्षिक समारोह के उद्घाटन समारोह में उन्हें उपस्थित होना था, लेकिन खराब मौसम के कारण वे कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंच सके थे। हालांकि, उन्होंने पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभा को संबोधित किया था।

भाषा संतोष नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments