नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के आगरा शहर को अब विश्व की शू कैपिटल के रूप में स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. होटल अमर विलास में आयोजित इंडिया-न्यूजीलैंड बिज़नेस मीट में इस पहल की घोषणा की गई. केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और न्यूजीलैंड के व्यापार मंत्री टॉड मैक्ले की मौजूदगी में यह कार्यक्रम हुआ.
आगरा पहले से ही भारत के लेदर फुटवियर निर्यात का 75 प्रतिशत से अधिक योगदान देता है. अब फ्री ट्रेड एग्रीमेंट और अंतरराष्ट्रीय सहयोग से निर्यात में तीन से पांच गुना वृद्धि की संभावना जताई गई है. इससे उत्तर प्रदेश को विदेशी मुद्रा अर्जन का बड़ा केंद्र बनाने की उम्मीद है.
शहर में पांच हजार से अधिक एमएसएमई इकाइयां कार्यरत हैं जो लाखों लोगों को रोजगार देती हैं. इस पहल से नए निवेश और विस्तार के जरिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और पलायन में कमी आएगी.
जेवर एयरपोर्ट और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण जैसे प्रोजेक्ट्स से लॉजिस्टिक्स मजबूत होगा. इससे आगरा वैश्विक प्रतिस्पर्धा में चीन और वियतनाम जैसे देशों को चुनौती दे सकेगा.
सरकार ने आगरा को ग्लोबल ब्रांड के रूप में स्थापित करने और तकनीकी सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया है. अधिकारियों और उद्योग प्रतिनिधियों ने इसे यूपी की अर्थव्यवस्था के लिए ऐतिहासिक कदम बताया.