पटना, 27 अप्रैल (भाषा) बिहार सरकार ने उत्तर कोयल जलाशय परियोजना और मंडई वीयर एवं नहर प्रणाली परियोजना से संबंधित कार्य आगामी खरीफ सीजन से पहले पूरे करने का निर्देश दिया है।
राज्य के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने दोनों महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता किसानों को समय पर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराना है और निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की सुस्ती बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों और परियोजना से जुड़ीं एजेंसियों को निर्देश दिया कि खरीफ सीजन के महत्व को देखते हुए दोनों परियोजनाओं में सभी महत्वपूर्ण संरचनाओं का निर्माण निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि नहर प्रणालियों को इस प्रकार तैयार किया जाए कि किसानों को तत्काल सिंचाई का लाभ मिल सके।
बैठक में औरंगाबाद जिले के शेष 42 रैयतों की भूमि रजिस्ट्री इसी सप्ताह पूरी करने का लक्ष्य रखा गया।
मुख्य सचिव ने निर्माण के संबंध में गुणवत्ता से समझौता किए बिना कार्य में तेजी लाने पर जोर दिया।
उन्होंने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को साप्ताहिक आधार पर परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करनेने तथा तकनीकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
भाषा कैलाश
मनीषा जोहेब
जोहेब
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.