scorecardresearch
Wednesday, 29 April, 2026
होमविदेशपाकिस्तान के राष्ट्रपति जरदारी चीन के लिए रवाना हुए

पाकिस्तान के राष्ट्रपति जरदारी चीन के लिए रवाना हुए

Text Size:

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, 25 अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी शनिवार को चीन के लिए रवाना हुए।

जरदारी की इस यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा करना है, जिसमें आर्थिक और व्यापारिक सहयोग पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सरकारी समाचार एजेंसी ‘पीटीवी’ की खबर के अनुसार, पंजाब के राज्यपाल सरदार सलीम हैदर उन्हें लाहौर के अल्लामा इकबाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विदा करने के लिए मौजूद थे।

विदेश मंत्रालय द्वारा शनिवार को जारी एक बयान के अनुसार, जरदारी 25 से 27 अप्रैल तक हुनान प्रांत के चांग्शा और 28 से एक मई तक हैनान प्रांत के सान्या की यात्रा करेंगे।

सोशल मीडिया पर जारी बयान में बताया गया, “वह (जरदारी) प्रांतीय नेतृत्व के साथ बैठकें करेंगे और पाकिस्तान-चीन द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा करेंगे, जिसमें आर्थिक और व्यापारिक सहयोग तथा चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (सीपीईसी) पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।”

विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह यात्रा विशेष महत्व रखती है, क्योंकि पाकिस्तान और चीन इस वर्ष राजनयिक संबंधों की स्थापना की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह यात्रा “सर्वकालिक रणनीतिक सहयोगात्मक साझेदारी” को और मजबूत करने के लिए दोनों पक्षों की गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह यात्रा पाकिस्तान में ईरान और अमेरिका के बीच वार्ता के दूसरे दौर की संभावना की अटकलों के बीच हो रही है।

भाषा जितेंद्र दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments