scorecardresearch
Saturday, 25 April, 2026
होमदेशदो तिहाई सांसदों का ‘आप’ को छोड़ना केजरीवाल की तानाशाही पर चोट: रेखा गुप्ता

दो तिहाई सांसदों का ‘आप’ को छोड़ना केजरीवाल की तानाशाही पर चोट: रेखा गुप्ता

Text Size:

नयी दिल्ली, 24 अप्रैल (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के सात राज्यसभा सदस्यों के शुक्रवार को पार्टी छोड़ने के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस घटनाक्रम को अरविंद केजरीवाल की “तानाशाही पर सीधी चोट” करार दिया।

गुप्ता ने कहा कि ‘आप’ पिछले साल दिल्ली की सत्ता बाहर हो गई थी और अगले साल पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद वहां की सत्ता से भी बेदखल हो जाएगी।

‘आप’ को शुक्रवार को उस समय बड़ा झटका लगा जब राघव चड्ढा, अशोक मित्तल और संदीप पाठक समेत पार्टी के सात राज्यसभा सदस्यों ने पार्टी छोड़ दी। इन सांसदों में हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, विक्रम साहनी और स्वाति मालीवाल भी शामिल हैं।

चड्ढा ने कहा कि वे सभी भाजपा में शामिल हो गए हैं। उन्होंने दावा किया कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी अपने सिद्धांतों, मूल्यों और नैतिकता से भटक गई है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री ने शुक्रवार देर रात ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “इंकलाब के नारे से शुरु हुई ‘आप’ का अंत अविश्वास और अलगाव से हो रहा है। आपकी पार्टी में अब आम आदमी नहीं, सिर्फ भ्रष्ट आदमी बचा है।”

उन्होंने कहा, “केजरीवाल जी, दो-तिहाई राज्यसभा सांसदों का जाना आपकी तानाशाही पर सीधी चोट है। अब दिल्ली के बाद पंजाब की बारी है।”

दिल्ली में पिछले साल फरवरी में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने ‘आप’ को शिकस्त दी थी और 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी की थी। पंजाब में अगले साल के शुरू में विधानसभा चुनाव होने हैं जहां फिलहाल ‘आप’ की सरकार है।

भाषा नोमान देवेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments