कोलकाता, 24 अप्रैल (भाषा) ‘‘गुमनामी’’ और ‘‘जुल्फिकार’’ जैसी फिल्मों में अपनी भूमिकाओं के लिए पहचाने जाने वाले दिग्गज बंगाली अभिनेता बिप्लव दासगुप्ता का लंबी बीमारी के बाद शुक्रवार को यहां निधन हो गया। वह 75 वर्ष के थे।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, दासगुप्ता पिछले कुछ समय से सर्जरी के बाद होने वाली स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं से जूझ रहे थे। शुक्रवार को टॉलीगंज स्थित गोल्फ क्लब रोड आवास पर बेचैनी महसूस होने के बाद दासगुप्ता को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दासगुप्ता के परिवार में उनकी पत्नी और बेटी हैं।
दासगुप्ता ने ‘केमिस्ट्री मासी’, ‘जगमाया’ और ‘चेकमेट’ जैसे टीवी धारावाहिकों में भी अपने अभिनय की छाप छोड़ी थी।
दासगुप्ता के पार्थिव शरीर को ‘टेक्नीशियन स्टूडियो’ ले जाये जाने पर फिल्म, टेलीविजन और ओटीटी जगत की हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
भाषा सुमित शफीक
शफीक
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.