scorecardresearch
Friday, 24 April, 2026
होमदेशअपने श्रमिकों का सम्मान करने वाले देश की प्रगति कोई नहीं रोक सकता: मनसुख मांडविया

अपने श्रमिकों का सम्मान करने वाले देश की प्रगति कोई नहीं रोक सकता: मनसुख मांडविया

Text Size:

बडगाम (जम्मू कश्मीर), 24 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने शुक्रवार को कहा कि जो देश अपने श्रमिकों की गरिमा को महत्व देता है, वह प्रगति की राह पर निरंतर आगे बढ़ता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इसलिए श्रमिकों का कल्याण शासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।

केंद्रीय श्रम और रोजगार तथा युवा मामले एवं खेल मंत्री मांडविया ने मध्य कश्मीर जिले के ओमपुरा में 30 बिस्तरों वाले कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) अस्पताल का उद्घाटन किया।

मांडविया ने उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि जो देश अपने श्रमिकों की गरिमा को महत्व देता है, वह प्रगति की राह पर निरंतर आगे बढ़ता है।

उन्होंने कहा, ‘अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन द्वारा प्रकाशित आंकड़ों के अनुसार, हमारी सामाजिक सुरक्षा कवरेज 2015 में 19 प्रतिशत से बढ़कर 2025 में 64.3 प्रतिशत हो गई है।’

उन्होंने बताया कि 2025 में अंतरराष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा संघ द्वारा इस दिशा में देश के प्रयासों को मान्यता दी गई थी।

केंद्रीय मंत्री ने पिछले साल लागू किए गए चार श्रम कानूनों के प्रभाव को रेखांकित करते हुए कहा कि ये सुधार श्रमिकों के लिए वार्षिक स्वास्थ्य जांच, अनिवार्य नियुक्ति पत्र और न्यूनतम मजदूरी सहित लंबे समय से प्रतीक्षित सुरक्षा उपायों को सुनिश्चित करते हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि ईएसआईसी की आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के साथ जुड़ने से सूचीबद्ध अस्पतालों में लाभार्थियों को कैशलेस इलाज की सुविधा और अधिक व्यापक रूप से मिल रही है।

यह अस्पताल 165 करोड़ रुपये की लागत से बना है। इसमें 100 बिस्तरों तक विस्तार किया जाएगा जिससे 50,000 से अधिक श्रमिकों और उनके परिवार के सदस्यों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

भाषा प्रचेता नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments