scorecardresearch
Wednesday, 29 April, 2026
होमदेशदिल्ली में अनधिकृत कॉलोनियों में संपत्तियों के ऑनलाइन नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू

दिल्ली में अनधिकृत कॉलोनियों में संपत्तियों के ऑनलाइन नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू

Text Size:

नयी दिल्ली, 24 अप्रैल (भाषा) दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के ‘स्वागम पोर्टल’ पर आवेदन के जरिये राष्ट्रीय राजधानी की 1,521 अनधिकृत कॉलोनियों में संपत्तियों के नियमितीकरण की प्रक्रिया शुक्रवार को शुरू हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि चिह्नित अनधिकृत कॉलोनियों की संपत्तियों के मालिक ‘स्वागम पोर्टल’ का उपयोग कर अपनी संपत्ति का नियमितीकरण करने के लिए सीधे आवेदन कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि इसके लिए एमसीडी के प्रत्येक 12 क्षेत्रीय कार्यालयों में ‘हेल्प डेस्क’ स्थापित किये गए हैं और नगर निगम ने 700 से अधिक पेशेवरों को सूचीबद्ध किया गया है। लोग आवेदन करने के संबंध में उनसे परामर्श ले सकते हैं।

अधिकारियों के अनुसार, आवेदकों को पोर्टल पर सफलतापूर्वक आवेदन करने के बाद ‘पीएम उदय योजना’ के तहत ऑनलाइन नियमितीकरण प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा।

आवेदकों को एसएमएस अलर्ट सेवाएं और आवेदन संबंधित जानकारी लगातार पाने के लिए ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि आवेदकों को 45 दिनों के भीतर नियमितीकरण के दस्तावेज मिल जाएंगे।

नगर निगम द्वारा कोई भौतिक सत्यापन नहीं किया जाएगा और ‘पीएम उदय पोर्टल’ पर उपलब्ध आवेदक की जानकारी स्वतः ही ‘स्वागम पोर्टल’ पर जारी हो जाएगी।

पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का निस्तारण क्षेत्रीय भवन विभागों के अधिकारियों द्वारा किया जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि नियमितीकरण प्रमाण पत्र प्राप्त होने के बाद आवेदक राजस्व विभाग से जुड़े राष्ट्रीय जेनेरिक दस्तावेज़ पंजीकरण प्रणाली (एनजीडीआरएस) के माध्यम से अपनी संपत्तियों का पंजीकरण करा सकते हैं।

भाषा प्रचेता सुभाष

सुभाष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments