scorecardresearch
Friday, 24 April, 2026
होमदेशबेंगलुरु में फॉक्सकॉन कंपनी के शौचालय में भ्रूण मिला, प्राथमिकी दर्ज की गई

बेंगलुरु में फॉक्सकॉन कंपनी के शौचालय में भ्रूण मिला, प्राथमिकी दर्ज की गई

Text Size:

बेंगलुरु, 23 अप्रैल (भाषा) ताइवान की इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी फॉक्सकॉन के देवनहल्ली स्थित कार्यालय में महिलाओं के शौचालय में भ्रूण मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

‘फॉक्सकॉन हॉन हाई टेक्नोलॉजी इंडिया मेगा प्राइवेट लिमिटेड’ ने बृहस्पतिवार को जारी एक बयान में कहा कि वह स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही है।

पुलिस के अनुसार, भ्रूण मंगलवार रात को विश्वनाथपुरा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत डोड्डागोल्लाहल्ली गांव में फॉक्सकॉन के भवन ए41 में मिला था।

कंपनी के एक कर्मचारी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर, पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 93 और 103 के तहत मामला दर्ज किया।

कंपनी के सुरक्षा विभाग में वरिष्ठ अभियंता वी एस कृष्णराज ने शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के अनुसार 21 अप्रैल को रात करीब 9.15 बजे, सफाई कर्मचारी ने पाया कि महिला शौचालय जाम है और इसकी सूचना सुपरवाइजर को दी, जिसने फिर एक तकनीशियन को बुलाया। चूंकि तकनीशियन की पाली समाप्त हो चुकी थी, इसलिए अगली सुबह इस समस्या को दूर करने का निर्णय लिया गया।

शिकायत में कहा गया है कि 22 अप्रैल को सुबह लगभग नौ बजे निरीक्षण किया गया।

इसके अनुसार, ‘‘शौचालय की जांच करने पर पता चला कि जाम की वजह वास्तव में एक भ्रूण था। तुरंत पुलिस को सूचित किया गया।’’

पुलिस ने बताया कि भ्रूण को लावारिस छोड़ने के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के लिए जांच जारी है।

अपने बयान में फॉक्सकॉन ने कहा कि वह ‘‘स्थिति से अवगत है और स्थानीय अधिकारियों की जांच में उनके साथ मिलकर काम कर रही है।’’

इसने कहा, ‘‘हमारे कर्मचारियों का कल्याण हमारी सर्वोपरि चिंता है और हम बेंगलुरु में अपने सभी टीम सदस्यों को अतिरिक्त सहायता प्रदान कर रहे हैं।’’

कंपनी ने कहा, ‘‘मामले की संवेदनशीलता और इसमें शामिल लोगों की निजता की रक्षा के लिए, हम इस पर आगे कोई टिप्पणी नहीं कर सकते।’’

भाषा देवेंद्र धीरज

धीरज

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments