scorecardresearch
Thursday, 23 April, 2026
होमदेशकेदारनाथ यात्रा में अव्यवस्था संबंधी 'भ्रामक' वीडियो, रील्स बनाने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

केदारनाथ यात्रा में अव्यवस्था संबंधी ‘भ्रामक’ वीडियो, रील्स बनाने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

Text Size:

देहरादून, 23 अप्रैल (भाषा) सोशल मीडिया में प्रसारित हो रही केदारनाथ यात्रा में अव्यवस्था होने संबंधी खबरों को ‘भ्रामक और तथ्यहीन’ बताते हुए अज्ञात लोगों के विरूद्ध तीन प्राथमिकी दर्ज की गयी हैं।

यहां जारी एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, सोशल मीडिया की लगातार की जा रही निगरानी के दौरान चिह्नित कुछ वीडियो एवं रील्स के आधार पर ये तीनों प्राथमिकी रुद्रप्रयाग जिले के सोनप्रयाग पुलिस थाने में दर्ज की गयी हैं।

इन वीडियो और रील्स में दावा किया गया है कि केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं को बिना दर्शन लौटाया जा रहा है, 15-15 घंटे तक कतार में खड़े रहने के बावजूद दर्शन नहीं हो पा रहे हैं, पुलिस व्यवस्था के अभाव है तथा वहां अव्यवस्था एवं धक्का-मुक्की हो रही है ।

इन सूचनाओं को ‘भ्रामक और तथ्यहीन’ बताते हुए विज्ञप्ति में कहा गया है कि वास्तविक स्थिति इसके विपरीत है और प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित, चरणबद्ध एवं नियमानुसार दर्शन कराए जा रहे हैं।

विज्ञप्ति के अनुसार, ‘‘ इन भ्रामक वीडियो के माध्यम से आमजन को भ्रमित करने, चारधाम यात्रा की छवि को नुकसान पहुंचाने तथा अनावश्यक भय एवं अविश्वास का वातावरण बनाने का प्रयास किया गया है।’’

विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के इस संबंध में निर्देशों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गयी हैं।

पुलिस ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 353 (1)(बी) तथा 353(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है।

भाषा दीप्ति धीरज

धीरज

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments