scorecardresearch
Thursday, 23 April, 2026
होमदेशउप्र : खाना पकाने से इनकार करने पर बेटी की हत्या, आरोपी पिता गिरफ्तार

उप्र : खाना पकाने से इनकार करने पर बेटी की हत्या, आरोपी पिता गिरफ्तार

Text Size:

प्रतापगढ़, 23 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश में प्रतापगढ़ जिले के कोहंडौर क्षेत्र में पुलिस ने अपनी बेटी की कुल्हाड़ी से हत्या करने के आरोप में बृहस्पतिवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, घटना घरेलू विवाद के बाद हुई।

थाना प्रभारी धनंजय राय ने बताया कि आरोपी रामलाल को गौरा अतरसंड गांव स्थित उसके घर के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी और डंडा भी बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक (नगर) प्रशांत राज हुड्डा ने बताया कि बुधवार को पुलिस ने घर के पास से 30 वर्षीय महिला का शव बरामद किया, जिसकी पहचान कंधई थाना क्षेत्र के ताला गांव निवासी सोनम के रूप में हुई। वह एक दिन पहले ही अपने मायके आई थी।

सोनम के पति अजय कुमार ने शिकायत में आरोप लगाया कि उसके ससुर ने शराब के नशे में सोनम की हत्या कर दी। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने रामलाल के खिलाफ मामला दर्ज किया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार, उसने बताया कि मंगलवार को बेटी को घर लाने के बाद उसने अपनी फसल बेचकर पैसे प्राप्त किए और शराब पी।

पुलिस के एक अधिकारी ने जांच के हवाले से बताया, “रात में उसने खाना न बनने को लेकर बेटी से विवाद किया। जब वह नशे में घर लौटा तो उसने बेटी से पूछा कि खाना क्यों नहीं बनाया। इस पर नाराज होकर बेटी ने जवाब दिया कि जब पिता शराब पीकर बाहर थे तो वह किसके लिए खाना बनाती।”

अधिकारी ने बताया कि इस पर गुस्से में आकर आरोपी ने पहले सोनम पर डंडे से हमला किया और बाद में कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने खून के धब्बे साफ कर और साड़ी छिपाकर सबूत मिटाने की भी कोशिश की।

पुलिस ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

भाषा

सं, जफर रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments