उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में नारी शक्ति वंदन सम्मेलन के दौरान कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि ये दल महिलाओं को नेतृत्व का अधिकार नहीं देना चाहते और उनका इतिहास महिला विरोधी रहा है.
सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के जरिए महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन विपक्ष इसमें बाधा डाल रहा है. उन्होंने सपा और कांग्रेस पर महिलाओं के अधिकारों को रोकने का आरोप लगाया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के बाद प्रदेश में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी गई है. पुलिस भर्ती में 20 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी अनिवार्य की गई है और लाखों महिलाओं को रोजगार मिला है.
उन्होंने कहा कि पंचायत और स्थानीय निकायों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है और अब संसद व विधानसभा में भी उनका प्रतिनिधित्व जरूरी है. सीएम ने भरोसा जताया कि महिलाओं को उनके अधिकार से ज्यादा समय तक वंचित नहीं रखा जा सकता.