scorecardresearch
Friday, 1 May, 2026
होमदेशभाजपा ने पहले हमारा साथ दिया था, इसलिए मुख्यमंत्री पद उन्हें सौंपा : जदयू

भाजपा ने पहले हमारा साथ दिया था, इसलिए मुख्यमंत्री पद उन्हें सौंपा : जदयू

Text Size:

पटना, 23 अप्रैल (भाषा) जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि पार्टी अध्यक्ष नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को राज्य का शीर्ष पद इसलिए सौंपा गया, क्योंकि अतीत में गठबंधन सहयोगी ने उसका साथ दिया था।

चौधरी ने पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘कल सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली नयी सरकार विधानसभा में विश्वास मत हासिल करेगी। इसी उद्देश्य से विधानसभा का एक दिवसीय सत्र बुलाया गया है। सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पास प्रचंड बहुमत है, इसलिए विश्वास मत जीतना तय है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह भी ध्यान रखना चाहिए कि नयी सरकार को हमारे नेता नीतीश कुमार का आशीर्वाद प्राप्त है, जिन्होंने राज्यसभा जाने का निर्णय लेते हुए मुख्यमंत्री पद छोड़ा। राज्य की जनता ने बार-बार उन पर भरोसा जताया है, इसलिए सभी निश्चिंत रहें कि नयी सरकार नीतीश कुमार के पदचिह्नों पर चलेगी।’’

इससे पहले जद (यू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि विजय कुमार चौधरी राज्य में सत्ता परिवर्तन से जुड़े सभी सवालों का जवाब देंगे। यह प्रक्रिया एक महीने पहले नीतीश कुमार द्वारा राज्यसभा चुनाव लड़ने की घोषणा से शुरू हुई थी और उनके निर्वाचित होने के बाद सम्राट चौधरी के बिहार में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बनने के साथ पूरी हुई।

जब उपमुख्यमंत्री से पूछा गया कि कुमार के पद छोड़ने के बाद जद (यू) ने मुख्यमंत्री पद अपने पास रखने की कोशिश क्यों नहीं की, तो उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा पुरानी सहयोगी है। वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में जब हमारी सीटें काफी कम हो गई थीं, तब उसने हमारा समर्थन किया था। इसलिए तय किया गया कि अब हम भी उनके नेतृत्व वाली सरकार को समर्थन देकर उस सहयोग का प्रत्युत्तर दें।’’

विजय कुमार चौधरी के अलावा जद (यू) के एक अन्य वरिष्ठ नेता बिजेंद्र प्रसाद यादव ने भी पिछले सप्ताह उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इसे सत्ता समीकरणों में बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। पिछली व्यवस्था में नीतीश कुमार मुख्यमंत्री थे और सम्राट चौधरी तथा भाजपा नेता विजय कुमार सिन्हा उपमुख्यमंत्री थे।

भाषा कैलाश मनीषा शफीक

शफीक

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments