scorecardresearch
Friday, 1 May, 2026
होमदेशगुजरात: उमरेठ विधानसभा सीट पर अपराह्न एक बजे तक 37.14 प्रतिशत मतदान

गुजरात: उमरेठ विधानसभा सीट पर अपराह्न एक बजे तक 37.14 प्रतिशत मतदान

Text Size:

आणंद (गुजरात), 22 अप्रैल (भाषा) गुजरात के आणंद जिले में उमरेठ विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए बृहस्पतिवार को मतदान जारी है और अपराह्न एक बजे तक 37.14 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। निर्वाचन अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि निर्वाचन क्षेत्र में स्थापित 306 मतदान केंद्रों पर मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक जारी रहेगा।

निर्वाचन अधिकारियों ने एक बयान में कहा, ‘‘उमरेठ विधानसभा क्षेत्र में हुए उपचुनाव में सुबह सात बजे से अपराह्न एक बजे के बीच 37.14 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।’’ उन्होंने कहा कि मतदान सुचारू रूप से जारी है और अब तक किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।

पिछले महीने इस क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक गोविंद परमार के निधन के बाद यह सीट रिक्त हुई है जिसके बाद यहां उपचुनाव कराए जा रहे हैं।

उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार हर्षद गोविंदभाई परमार और कांग्रेस उम्मीदवार भृगुराजसिंह चौहान के बीच सीधा मुकाबला है। तीन निर्दलीय और एक अन्य पार्टी का उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में हैं।

गुजरात के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, उपचुनाव में कुल 2,45,623 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं, जिसका संचालन 19 नोडल अधिकारियों और 22 सूक्ष्म पर्यवेक्षकों सहित 1,500 कर्मियों की सहायता से किया जाएगा।

मतों की गिनती चार मई को होगी।

भाजपा ने हर्षद परमार को मैदान में उतारा है, जो चार बार के विधायक रहे गोविंद परमार के बेटे हैं। गोविंद परमार का छह मार्च को 72 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। यह हर्षद परमार का पहला बड़ा चुनाव है।

दूसरी ओर विपक्षी दल कांग्रेस के उम्मीदवार चौहान (62) अनुभवी स्थानीय नेता हैं जो पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं।

चौहान ने वर्ष 2000 से 2015 के बीच लगातार तीन कार्यकाल तक उमरेठ तालुका पंचायत के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। वह वर्तमान में गुजरात के मध्य क्षेत्र के लिए पार्टी के समन्वयक हैं।

वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों में गोविंद परमार ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के उम्मीदवार जयंत पटेल को 25,000 से अधिक वोट के अंतर से हराकर उमरेठ सीट बरकरार रखी थी।

भाषा सुरभि नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments