scorecardresearch
Thursday, 30 April, 2026
होमदेशफडणवीस ने प्रधानमंत्री मोदी के संबंध में खरगे की टिप्पणी की कड़ी आलोचना की

फडणवीस ने प्रधानमंत्री मोदी के संबंध में खरगे की टिप्पणी की कड़ी आलोचना की

Text Size:

मुंबई, 22 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ‘‘आतंकवादी’’ कहा जाना ‘‘अपमानजनक’’ और ‘‘अस्वीकार्य’’ है तथा उन्होंने उनसे माफी की मांग की।

मुंबई में मंत्रिमंडल की बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए, फडणवीस ने कहा कि कांग्रेस नेता की टिप्पणियां उनकी पार्टी की बार-बार की चुनावी हार से उपजे ‘‘हताशा’’ को दर्शाती हैं और आरोप लगाया कि इस तरह के बयान विपक्षी पार्टी के लंबे समय से चले आ रहे राजनीतिक दृष्टिकोण का हिस्सा हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक और आधुनिक भारत के निर्माण में योगदान देने वाले नेता के खिलाफ अनुचित भाषा का प्रयोग करना निंदनीय है।’’

भाजपा के मुख्यमंत्री ने अतीत के उन उदाहरणों का हवाला दिया, जिनमें उनके दावे के अनुसार मोदी के खिलाफ इसी तरह की भाषा का इस्तेमाल किया गया था, और कहा कि ‘‘देश की जनता ने हमेशा ऐसी टिप्पणियों का निर्णायक जवाब दिया है।’’

फडणवीस ने कहा कि खरगे को अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगनी चाहिए और उसे तुरंत वापस लेना चाहिए।

खरगे ने मंगलवार को प्रधानमंत्री मोदी पर सरकारी तंत्र और केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करके विपक्ष को दबाने और राजनीतिक दलों को ‘‘आतंकित’’ करने का आरोप लगाया था।

भाषा सुभाष माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments