scorecardresearch
Wednesday, 29 April, 2026
होमदेशकेंद्र महिला आरक्षण विधेयक पर गुमराह कर रहा है, कांग्रेस प्रदर्शन करेगी : नसीम खान

केंद्र महिला आरक्षण विधेयक पर गुमराह कर रहा है, कांग्रेस प्रदर्शन करेगी : नसीम खान

Text Size:

ठाणे, 22 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री नसीम खान ने केंद्र सरकार पर महिला आरक्षण विधेयक को लेकर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी पार्टी सरकार की ‘‘सच्चाई उजागर’’ करने के लिए देशव्यापी प्रदर्शन करेगी।

मंगलवार को यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि भाजपा नीत केंद्र कांग्रेस को महिला विरोधी दिखाने की भी कोशिश कर रहा है।

खान ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक 2023 में कांग्रेस के समर्थन से लोकसभा में पारित हुआ था लेकिन भाजपा ने इसे संविधान संशोधन प्रक्रिया से जोड़कर भ्रम पैदा किया।

लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में 2029 के संसदीय चुनावों से महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने से संबंधित संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 लोकसभा में 17 अप्रैल को पारित नहीं हो सका था।

खान ने कहा, “भाजपा की मंशा वास्तव में महिलाओं को आरक्षण देने की नहीं थी, बल्कि उसने अपने राजनीतिक उद्देश्यों के लिए संविधान संशोधन को आगे बढ़ाने की कोशिश की। लोकतांत्रिक सिद्धांतों की रक्षा के लिए कांग्रेस ने ऐसे कदमों का विरोध किया।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ सरकार ‘‘पिछले दरवाजे से लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर’’ करने की कोशिश कर रही है और यह ‘‘झूठा प्रचार’’ चला रही है कि महिला आरक्षण का विरोध किया जा रहा है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक साल 2023 में पहले ही स्वीकृत हो चुका था और 2029 के चुनावों में महिलाओं को समान अवसर देने के लिए इसे बिना देरी लागू किया जाना चाहिए।

विपक्ष का दावा है कि महिला आरक्षण विधेयक भाजपा की व्यापक परिसीमन योजना का “अग्रदूत” था और सत्तारूढ़ दल इसे इसी कानून की आड़ में लागू करना चाहता था।

खान ने परिसीमन प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से पूरा करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया और आरोप लगाया कि केंद्र सरकार संवैधानिक बदलावों के जरिए निर्वाचन क्षेत्रों में हेरफेर करना चाहती है।

उन्होंने कहा, “कांग्रेस और अन्य दलों ने ऐसे प्रयासों का विरोध किया, क्योंकि वे लोकतंत्र के लिए खतरा हैं।”

महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए खान ने सवाल किया कि क्या पार्टी ने महिलाओं पर अत्याचार रोकने के लिए पर्याप्त कदम उठाए हैं या केंद्र और राज्यों में महत्वपूर्ण पदों पर महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिया है?

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा का रुख विरोधाभासी है। वह महिला सशक्तिकरण की बात करती है, लेकिन महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर प्रभावी ढंग से रोक लगाने में विफल रही है। महिला आरक्षण और संवैधानिक मुद्दों पर मोदी सरकार के बार-बार बदलते झूठे रुख को उजागर करने के लिए कांग्रेस देशव्यापी प्रदर्शन करेगी।’’

भाषा गोला नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments