scorecardresearch
Wednesday, 29 April, 2026
होमदेशओडिशा के ढेंकनाल में जनगणना कार्य में लगे चार कर्मियों पर हमला

ओडिशा के ढेंकनाल में जनगणना कार्य में लगे चार कर्मियों पर हमला

Text Size:

भुवनेश्वर, 22 अप्रैल (भाषा) ओडिशा के ढेंकनाल में बुधवार को जनगणना कार्य में लगे चार कर्मियों पर कथित तौर पर हमला किया गया, जिनमें दो महिलाएं हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना कामाख्यानगर अधिसूचित क्षेत्र परिषद (एनएसी) के महिमानगर इलाके में सुबह हुई। उसने बताया कि कर्मी 16 अप्रैल से शुरू हुई जनगणना प्रक्रिया के तहत इलाके में आंकड़े एकत्र करने पहुंचे थे।

कामाख्यानगर के उप जिलाधिकारी दिनामणि नायक ने कहा, ‘एक पुरुष और उसके दो बेटों द्वारा किए गए हमले में जनगणना से जुड़े चार कर्मचारी घायल हो गए। पुलिस घटना की जांच कर रही है और हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’

उन्होंने बताया कि घटना के बाद दोनों बेटों को हिरासत में ले लिया गया है।

जनगणना कर्मियों ने आरोप लगाया कि जैसे ही वे उस परिवार के घर में दाखिल हुए, परिवार वालों ने उन पर हमला कर दिया, हालांकि उन्हें आधिकारिक पहचान पत्र दिखाए गए थे।

टीम की सदस्य मधुस्मिता बेहरा के अनुसार, ‘उन्होंने पूछा कि हम उनके परिसर में क्यों आए हैं? पहचान पत्र दिखाने और उद्देश्य बताने के बावजूद, उन्होंने हम पर पत्थर फेंके। मेरे चेहरे पर चोटें आईं और मेरे दोपहिया वाहन को भी नुकसान पहुंचा।’

वहीं, एक अन्य कर्मी रघुनाथ दीक्षित ने आरोप लगाया कि परिवार ने बिना किसी कारण उन पर हमला किया और गालियां दी।

दीक्षित ने बताया कि उनकी उंगली में चोट आई है।

भाषा

प्रचेता अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments