नयी दिल्ली, 21 अप्रैल (भाषा) जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के छात्रों के एक समूह ने कथित तौर पर वार्डन द्वारा ताप्ती छात्रावास के मेस से बी.आर. आंबेडकर का चित्र हटाए जाने के विरोध में परिसर में प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन का आह्वान ताप्ती हॉस्टल समिति ने किया, जिसने आरोप लगाया कि वार्डन ने चित्र को दो बार हटाया।
समिति ने एक बयान में कहा, “आंबेडकर जयंती के अवसर पर हमने छात्रावास मेस में बी.आर. आंबेडकर का चित्र समानता, गरिमा और जातिगत उत्पीड़न के खिलाफ प्रतिरोध के प्रतीक के रूप में लगाया था।”
समिति ने कहा, “हम इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हैं और मांग करते हैं कि डॉ. आंबेडकर का चित्र तुरंत वापस लाकर मेस में पुनः लगाया जाए।”
इस विरोध प्रदर्शन में वामपंथी संगठनों से जुड़े छात्र भी शामिल हुए।
जेएनयू छात्रसंघ ने भी एक बयान जारी कर छात्रावास समिति का समर्थन किया और इस घटना की निंदा की।
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
भाषा
राखी रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.