भुवनेश्वर, 21 अप्रैल (भाषा) ओडिशा सरकार की एक योजना के तहत मंगलवार को राज्य के 30 में से 27 जिलों में सामूहिक विवाह समारोहों में लगभग 1,000 जोड़ों ने शादी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत कार्यक्रमों का आयोजन किया, जिसका उद्देश्य उन परिवारों को सहायता प्रदान करना है जो अपनी बेटियों के विवाह के आयोजन में आर्थिक बाधाओं या सामाजिक दबावों का सामना कर रहे हैं।
इस योजना के तहत, प्रत्येक पात्र लाभार्थी को 60,000 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। इसमें से 45,000 रुपये सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में अंतरित किए जाते हैं, जबकि शेष 15,000 रुपये का इस्तेमाल विवाह समारोह के आयोजन और प्रबंधन के लिए किया जाता है।
उपमुख्यमंत्री पार्वती परिदा ने बालासोर में आयोजित एक समारोह में भाग लिया, जहां उन्होंने 56 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। समारोह को संबोधित करते हुए परिदा ने 50 से अधिक जोड़ों के विवाह संपन्न होने पर खुशी व्यक्त की।
पुरी जिले में 67 जोड़ों ने शादी की रस्में पूरी कीं। पुरी के सांसद संबित पात्रा ने एक वीडियो संदेश में इस योजना को ‘‘ऐतिहासिक पहल’’ बताया।
उन्होंने कहा कि इससे गरीब और वंचित परिवारों को राहत मिली है, जिनके लिए बेटियों की शादी का खर्च उठाना अक्सर एक बड़ा आर्थिक बोझ बन जाता है।
भाषा आशीष रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.