नयी दिल्ली, 21 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने केरल के त्रिशूर में एक पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट में कई लोगों की मौत पर मंगलवार को शोक व्यक्त किया और त्वरित बचाव कार्य एवं घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का आह्वान किया।
त्रिशूर के मुंडथिकोड में पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
खरगे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘केरल के त्रिशूर में हुई घटना से बहुत दुखी हूं, जिसमें कई लोगों की जान चली गई और कई घायल हो गए। पीड़ितों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और इस घटना से प्रभावित सभी लोगों के लिए प्रार्थना करता हूं।’
उन्होंने कहा, ‘सरकार को शीघ्र और पर्याप्त मुआवजा सुनिश्चित करना चाहिए। मैं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से राहत एवं बचाव कार्य में हर संभव सहायता का आग्रह करता हूं।’
राहुल गांधी ने कहा कि त्रिशूर में हुए विस्फोट के बारे में सुनकर बहुत दुखी हूं।
उन्होंने कहा, ‘लोगों की मौत और तबाही हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं पीड़ितों के परिवारों के साथ हैं।’
लोकसभा में विपक्ष के नेता ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘सरकार को सभी घायलों के लिए त्वरित बचाव प्रयास और तत्काल चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करनी चाहिए।’
केरल के वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा कि वह विस्फोट में लोगों की मौत से बहुत दुखी हैं।
उन्होंने कहा, ‘मेरी संवेदना उन परिवारों के साथ है, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और सभी प्रभावितों को यह दुख सहने का संबल मिलने की प्रार्थना करती हूं।’
भाषा हक माधव दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.