कराईकुडी (तमिलनाडु), 21 अप्रैल (भाषा) तमिलनाडु के कराईकुडी में दो अज्ञात व्यक्तियों ने कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम के कार्यालय से चुनाव अधिकारियों द्वारा जब्त 13.40 लाख रुपये नकद छीन लिए और उड़न दस्ते के वाहन की चाबी चुराकर फरार हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
यह घटना सोमवार शाम सुब्रमणिपुरम स्थित सांसद कार्यालय में हुई।
मतदाताओं में नकदी बांटे जाने की सूचना के आधार पर विशेष तहसीलदार पी. धर्मलिंगम के नेतृत्व में निर्वाचन आयोग के उड़न दस्ते ने छापा मारा और परिसर में एक शेड से नकदी बरामद की थी।
जब अधिकारी अपनी गाड़ी में जब्ती का दस्तावेजीकरण कर रहे थे, तभी स्थानीय पदाधिकारी पलानियाप्पन के नेतृत्व में पार्टी के करीब 30 कार्यकर्ताओं के साथ झड़प हुई।
पुलिस ने बताया कि हंगामे के बीच, दो लोग गाड़ी में घुस गए, नकदी से भरे बैग छीन लिए और एक दोपहिया वाहन से फरार हो गए।
वे दोनों पुलिस दस्ते की गाड़ी की चाबी भी लेकर भाग गए।
शिवगंगा के पुलिस अधीक्षक आर शिव प्रसाद ने बताया कि पूरी घटना गाड़ी के डैशबोर्ड कैमरे में कैद हो गई।
उन्होंने कहा, ‘हमने पलानियाप्पन को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य शामिल लोगों की तलाश जारी है।’
इस संबंध में डकैती और लोक सेवकों के काम में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया है।
भाषा
राखी अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.