scorecardresearch
Tuesday, 28 April, 2026
होमदेशदिल्ली सरकार के 35 अधिकारी ‘चीफ मिनिस्टर्स अवॉर्ड्स’ से सम्मानित

दिल्ली सरकार के 35 अधिकारी ‘चीफ मिनिस्टर्स अवॉर्ड्स’ से सम्मानित

Text Size:

नयी दिल्ली, 21 अप्रैल (भाषा) ‘सिविल सेवा दिवस’ के अवसर पर पहली बार दिल्ली सरकार के 35 अधिकारियों को मंगलवार को ‘चीफ मिनिस्टर्स अवॉर्ड्स’ से सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रशासनिक क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं नवाचारी कार्य करने वाले सरकारी कर्मचारियों को सम्मानित किया।

बयान में कहा गया कि पहली बार ‘चीफ मिनिस्टर्स अवॉर्ड्स फॉर एक्सीलेंस एंड इनोवेशन इन गवर्नेंस एंड पब्लिक सर्विस डिलीवरी 2026’ दिए गए।

इसमें कहा गया कि ये पुरस्कार उन लोक सेवकों को दिए गए जिन्होंने शासन और लोक सेवाओं में सुधार लाने के लिए असाधारण और प्रभावी कार्य किए हैं।

बयान के मुताबिक, पुरस्कार पाने वालों में वेदिता रेड्डी (शिक्षा निदेशालय), सनी के. सिंह, अजय कुमार, कुमार अभिषेक और विभव शुक्ला (सभी राजस्व विभाग), अजय कुमार बिष्ट (सेवा), डीबी गुप्ता (योजना), प्रदीप तायल (जीएडी), संजीव गोसाईं (खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति) और अरविंद कुमार (श्रम) शामिल हैं।

इसमें कहा गया है कि अन्य में डॉ. मुनिषा अग्रवाल (स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग), डॉ. प्रवीण कुमार (ए एंड यू तिब्बिया कॉलेज), कृष्ण कुमार सिंह (लोक निर्माण विभाग), रवीन्द्र कुमार (सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग), के. मुरुगन (आईटी विभाग), मनमीत सिंह वालिया (सामान्य प्रशासन), लता कुमारी नेगी (महिला एवं बाल विकास विभाग), डॉ. चेतना आनंद (पर्यावरण विभाग), दीपक चौधरी (लोक निर्माण विभाग) और मनोज सिंह (तिहाड़ जेल) को सम्मानित किया गया।

प्रशासनिक सुधार विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में सम्मानित अधिकारियों को उनकी विशिष्ट सेवा के उपलक्ष्य में पदक और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

दिल्ली सरकार ने यह भी घोषणा की है कि ये पुरस्कार अब हर साल सिविल सेवा दिवस पर दिए जाएंगे और पुरस्कार विजेताओं की सूची प्रतिवर्ष अप्रैल में घोषित की जाएगी।

कार्यक्रम में उपराज्यपाल संधू ने कहा कि नागरिक सेवा केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि लोगों के विश्वास को बनाए रखने के बारे में है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नागरिक सेवा को केवल एक करियर नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के प्रति एक प्रतिबद्धता बताया।

उन्होंने कहा, ‘हम नवाचार और नागरिक-केंद्रित नीतियों के माध्यम से दिल्ली को वैश्विक मानकों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’

गुप्ता ने कहा कि शहर सिविल सेवा दिवस को उस गंभीरता और व्यापकता के साथ मना रहा है, जिसका यह वास्तव में हकदार है।

पुरस्कारों के लिए नामांकनों का मूल्यांकन मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली एक उच्च स्तरीय समिति ने किया था, जिसमें विभिन्न विभागों के प्रशासनिक सचिव और प्रशासनिक सुधार विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। यह पुरस्कार तीन श्रेणियों में प्रदान किए गए।

भाषा नोमान नोमान दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments