गुवाहाटी, 21 अप्रैल (भाषा) असम के कई हिस्सों में आए भारी तूफान के दौरान कामरूप जिले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
गुवाहाटी से लगभग 50 किलोमीटर दूर कामरूप जिले के चायगांव से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार रात आए तूफान के दौरान एक स्थानीय युवक की मौत हो गई।
बिहू सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान आई भारी बारिश के चलते युवक अन्य लोगों के साथ एक पेड़ के नीचे शरण लिए हुए था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पेड़ की एक शाखा टूटकर युवक पर गिर गई जिसके कारण उसकी मौत हो गई।
भारी तूफान, तेज बारिश और हवाओं ने राज्य के गोलपारा तथा बोंगाईगांव जैसे कई हिस्सों को प्रभावित किया, जिससे संपत्ति एवं फसलों को भारी नुकसान हुआ।
मूसलाधार बारिश के कारण गुवाहाटी के कई हिस्से रविवार शाम से जलमग्न हैं, हालांकि पिछले 24 घंटों में बारिश में कुछ कमी आई है।
गुवाहाटी में, मंगलवार सुबह सौकुची क्षेत्र में बासिष्ठ नदी में एक शव उतराता मिला।
शव पड़ोस के हाटीगांव क्षेत्र के एक युवक अख्तर अली का माना जा रहा है, जो रविवार शाम से लापता था।
पुलिस के मुताबिक परिवार के सदस्यों ने कपड़ों के आधार पर शव की पहचान की। हालांकि औपचारिक पहचान प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है।
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के मुताबिक, रविवार को मालीगांव क्षेत्र में नाले में गिरने से पायल नाथ नाम की एक महिला की मौत हो गयी।
कामरूप (मेट्रोपॉलिटन) के जिला आयुक्त ने घटना की जिम्मेदारी तय करने के लिए मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिये हैं।
गुवाहाटी के कई हिस्से, जिसमें सबसे अधिक प्रभावित रुकमिणीगांव, अनिल नगर और नबीन नगर शामिल हैं, तीसरे दिन भी जलमग्न रहे।
अखिल असम छात्र संघ (आसू) की गुवाहाटी इकाई ने शहर में कृत्रिम बाढ़ के खिलाफ प्रदर्शन किया और इसके समाधान के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
एएएसयू ने गुवाहाटी में विकासकार्य के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किये जाने के तरीकों पर सवाल उठाया तथा सरकार से जिम्मेदारी लेने की मांग की।
गुवाहाटी में रविवार रात और सोमवार तड़के भारी बारिश हुई, जिससे अधिकांश सड़कों पर घुटने तक पानी भर गया तथा कुछ जगहों पर पानी छाती तक पहुंच गया।
मुख्य सचिव रवि कोटा ने स्थिति की समीक्षा करते हुए गुवाहाटी नगर निगम, गुवाहाटी महानगर विकास प्राधिकरण और जल संसाधन विभाग को संवेदनशील क्षेत्रों में जलभराव से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है।
सोमवार को जारी अधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, भारी बारिश जारी रहने की संभावना को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने भूस्खलन प्रभावित पहाड़ी क्षेत्रों के निवासियों को सतर्क रहने और जान-माल की हानि से बचने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने के लिए कहा है।
इसमें कहा गया है कि भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में छिटपुट बारिश और आंधी चलने की संभावना है। सभी एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया गया है।
भाषा पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.