काहिरा 21 अप्रैल (भाषा) भारत के शीर्ष निशानेबाज शिवा नरवाल ने लंबे अंतराल के बाद अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार वापसी करते हुए आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप (राइफल, पिस्टल, शॉटगन) की पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया।
चिराग शर्मा ने इसी स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया।
प्रतियोगिता के पहले दिन महिला 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में पनाह भुगरा ने रजत पदक जीतकर देश के पदकों की संख्या तीन कर दी।
नरवाल ने पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में 241.8 अंक के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने रजत पदक विजेता उज्बेकिस्तान के सादिकजोन अब्दुल्लाएव को 1.8 अंक से पीछे छोड़ा।
चिराग ने 218.9 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता, जबकि एक अन्य भारतीय निशानेबाज अभिनव देशवाल 136.7 अंक के साथ सातवें स्थान पर रहे।
पनाह भुगरा ने महिला 10 मीटर एयर राइफल में क्वालीफिकेशन में 629.4 अंक हासिल कर फाइनल में जगह बनाई थी। उन्होंने लगातार स्थिर प्रदर्शन करते हुए 250.6 अंकों के साथ रजत पदक जीता।
इस स्पर्धा में फ्रांस की एंसेलीन ब्रैकमैन ने 252.0 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि उनकी हमवतन हेलेना एकाले 228.6 अंकों के साथ कांस्य पदक जीतने में सफल रहीं।
क्वालीफिकेशन में 634.0 अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल करने वाली शांभवी क्षीरसागर फाइनल में चौथे स्थान पर रहीं, जबकि अन्वी राठौड़ छठे स्थान पर रहीं।
एक अन्य भारतीय निशानेबाज मान्यता सिंह 628.3 अंकों के साथ आठवें स्थान पर रहने के बावजूद फाइनल में जगह नहीं बना सकीं, क्योंकि एक देश से अधिकतम तीन निशानेबाज ही फाइनल में पहुंच सकते हैं।
भाषा आनन्द सुधीर
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.