scorecardresearch
Wednesday, 22 April, 2026
होमदेशमतदाताओं को कोई धमका नहीं सकता, सीएपीएफ बंगाल के हर कोने में तैनात : शाह

मतदाताओं को कोई धमका नहीं सकता, सीएपीएफ बंगाल के हर कोने में तैनात : शाह

Text Size:

कोलकाता, 21 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को दावा किया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद तृणमूल कांग्रेस के संरक्षण में रहने वाले गुंडों को छिपने की कोई जगह नहीं मिलेगी।

उन्होंने मतदाताओं से निडर होकर मतदान करने का आग्रह किया और कहा कि केंद्रीय बल ऐसे उपद्रवियों पर कड़ी नजर रखेंगे।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग ने केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की रिकॉर्ड 2,450 कंपनियां तैनात की हैं।

इन 2450 कंपनियों में लगभग 2.5 लाख जवान शामिल हैं।

शाह ने बंगाल में 23 अप्रैल को पहले चरण के मतदान से पहले शुभेंदु अधिकारी के गढ़ नंदीग्राम से सटे पूर्व मेदिनीपुर जिले के चांदीपुर में अपनी अंतिम चुनावी रैली को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को ‘टा टा, गुडबाय’ कहा।

भाजपा के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, “राज्य की बागडोर संभालने का उनका (ममता का) समय समाप्त हो गया है।”

उन्होंने विश्वास जताया कि चार मई को चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा सत्ता में आ आएगी।

शाह ने लोगों से निडर होकर मतदान करने का आग्रह करते हुए कहा, “कोई भी हमारे मतदाताओं को धमका नहीं सकता। आयोग ने पर्याप्त संख्या में केंद्रीय बलों को तैनात किया है, जो राज्य के हर कोने में फैले हुए हैं।”

केंद्रीय गृह मंत्री ने दावा किया कि ममता बनर्जी की अपने भतीजे अभिषेक को राज्य के मुख्यमंत्री के तौर पर देखने की आकांक्षा कभी पूरी नहीं होगी।

मंच पर भाजपा के नंदीग्राम से उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी भी मौजूद थे।

शाह ने कहा, “भाइपो (भतीजा अभिषेक बनर्जी) बंगाल का भावी मुख्यमंत्री नहीं होगा। उन्होंने चार मई के बाद राज्य छोड़ने के लिए अपना टिकट पहले ही खरीद लिया है।”

उन्होंने ‘भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित करने वाले तृणमूल के गुंडों को छिपने की जगह ढूंढने की चेतावनी दी।

शाह ने कहा, “चार मई को जब नतीजे घोषित होंगे, तो उनके पास भागने की कोई जगह नहीं बचेगी।”

केंद्रीय गृह मंत्री ने वादा किया कि बंगाल में सत्ता में आने पर भाजपा चांदीपुर में पान के औषधीय गुणों का अध्ययन करने के लिए एक अनुसंधान केंद्र स्थापित करेगी। शाह ने यह भी वादा किया कि घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें बांग्लादेश वापस भेजा जाएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा के सत्ता में आने के 45 दिनों के भीतर बांग्लादेश के साथ बंगाल की सीमा को सील कर दिया जाएगा।

भाषा जितेंद्र दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments