scorecardresearch
Tuesday, 21 April, 2026
होमदेशअर्थजगतशेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 753 अंक उछला

शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 753 अंक उछला

Text Size:

मुंबई, 21 अप्रैल (भाषा) कच्चे तेल में नरमी और ईरान-अमेरिका के बीच शांति वार्ता में प्रगति की उम्मीदों से मंगलवार को घरेलू शेयर बाजार लगातार तीसरे दिन चढ़कर बंद हुए। सेंसेक्स 753 अंक चढ़कर बंद हुआ जबकि निफ्टी 212 अंक की बढ़त में रहा।

बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 753.03 अंक यानी 0.96 प्रतिशत की बढ़त के साथ 79,273.33 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 846.78 अंक चढ़कर 79,367.08 के स्तर तक पहुंच गया था।

वहीं, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 211.75 अंक यानी 0.87 प्रतिशत बढ़कर 24,576.60 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में ट्रेंट, हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक और एक्सिस बैंक के शेयर प्रमुख रूप से बढ़त में रहे।

दूसरी तरफ, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, टाइटन, रिलायंस इंडस्ट्रीज और एनटीपीसी के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.75 प्रतिशत गिरकर 94.76 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

विशेषज्ञों के मुताबिक, पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की उम्मीदों और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से निवेशकों की धारणा मजबूत हुई।

ऑनलाइन ट्रेडिंग मंच एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पोनमुडी आर. ने कहा, ‘कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से आयात पर निर्भर भारत जैसे देश के लिए मुद्रास्फीति के दबाव में कमी आती है और कंपनियों के मार्जिन में सुधार की संभावना बढ़ती है।’

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए।

यूरोपीय बाजार सकारात्मक रुख के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार सोमवार को मामूली गिरावट के साथ बंद हुए थे।

इस बीच, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 1,059.93 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की।

बीएसई सेंसेक्स सोमवार को 26.76 अंक बढ़कर 78,520.30 अंक और एनएसई निफ्टी 11.30 अंक की मामूली बढ़त के साथ 24,364.85 अंक पर बंद हुए थे।

भाषा प्रेम

प्रेम रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments