scorecardresearch
Tuesday, 21 April, 2026
होमदेशबांदा में स्मार्ट मीटर के विरुद्ध दूल्हे ने बारातियों के साथ किया प्रदर्शन

बांदा में स्मार्ट मीटर के विरुद्ध दूल्हे ने बारातियों के साथ किया प्रदर्शन

Text Size:

बांदा (उप्र), 20 अप्रैल (भाषा) बांदा नगर में सोमवार को बिजली के स्मार्ट मीटर हटाने को लेकर एक दूल्हे ने अनोखा प्रदर्शन किया। दूल्हे का आरोप है कि बारात निकलने के दौरान विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने उसे मनमाना बिल थमा दिया और जमा न करने पर कनेक्शन काटने की चेतावनी दी।

सिर पर सेहरा बांधे एक युवक लगभग 100 बारातियों के साथ दोपहर में बांदा जिला मुख्यालय के अशोक लॉट तिराहे पहुंचा। पहले तो लोगों को लगा कि बारात निकल रही है मगर कुछ ही देर में दूल्हा और बाराती बैंडबाजे की धुन में नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंच गए।

उजरेहटा गांव के दूल्हे कुलदीप कुमार ने जिलाधिकारी कार्यालय में संवाददाताओं को बताया कि उसकी आज शादी है और बारात निकलने के दौरान विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने उपयोग से अधिक स्मार्ट मीटर का बिल थमा दिया और चेतावनी दी कि अगर बिल न जमा किया तो उसके घर का विद्युत कनेक्शन काट दिया जाएगा।

कुमार ने बताया कि उसके घर में साधारण मीटर हटाकर जबरन स्मार्ट मीटर लगाया गया है जिससे अब पहले से अधिक बिल आ रहा है। उसने कहा कि कई बार इसे हटाने की शिकायत की गई, लेकिन कोई अधिकारी सुनने को तैयार नहीं हैं।

बाद में सामाजिक संगठन बुंदेलखंड इंसाफ सेना के प्रमुख एएस नोमानी के नेतृत्व में दूल्हे और बारातियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंप कर बारात रवाना हुई।

भाषा सं. सलीम रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments