नयी दिल्ली, 20 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को कहा कि भारत पारस्परिक लाभकारी व्यापार संबंधों को आगे बढ़ाने और कृत्रिम मेधा (एआई), सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में दक्षिण कोरिया के साथ सहयोग को मजबूत करने के लिए तत्पर है।
राष्ट्रपति ने इस बात पर जोर दिया कि मानवता के लिए एक सतत भविष्य सुनिश्चित करने के लिए दोनों देशों को हरित और स्वच्छ ऊर्जा के साथ-साथ अन्य जलवायु प्रौद्योगिकियों में सहयोग के अवसरों को तलाशना चाहिए।
मुर्मू ने भारत की अपनी पहली यात्रा पर आए दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति लीजे म्यूंग का स्वागत करते हुए भारत-कोरिया द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में उनके (म्युंग के) महत्वपूर्ण योगदान, विशेष रूप से कोरिया-भारत संसदीय मैत्री समूह के अध्यक्ष के रूप में सराहना की।
इससे पहले दिन में मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति का स्वागत किया और उनके सम्मान में भोज का आयोजन भी किया।
उन्होंने कहा कि म्यूंग के बतौर राष्ट्रपति पहले वर्ष में हुई यह यात्रा दोनों देशों के बीच संबंधों को उनके द्वारा दिए जाने वाले महत्व को दर्शाती है।
भाषा जितेंद्र रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.