scorecardresearch
Tuesday, 21 April, 2026
होमखेलतिलक वर्मा का शतक, मुंबई इंडियन्स ने गुजरात टाइटंस को 99 रन से रौंदा

तिलक वर्मा का शतक, मुंबई इंडियन्स ने गुजरात टाइटंस को 99 रन से रौंदा

Text Size:

अहमदाबाद, 20 अप्रैल (भाषा) तिलक वर्मा के नाबाद तूफानी शतक के बाद अश्वनी कुमार की अगुआई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से मुंबई इंडियन्स ने इंडियन प्रीमियर लीग में सोमवार को यहां लगातार चार हार के क्रम को तोड़ते हुए गुजरात टाइटंस को 99 रन से हराया जो मौजूदा सत्र में रनों के लिहाज से किसी भी टीम की सबसे बड़ी जीत है।

तिलक ने आईपीएल के अपने पहले शतक के दौरान 45 गेंद में आठ चौकों और सात छक्कों से नाबाद 101 रन की पारी खेलने के अलावा कप्तान हार्दिक पंड्या (15 रन, 16 गेंद, एक चौका) के साथ पांचवें विकेट के लिए 81 और नमन धीर (45) के साथ चौथे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी भी की जिससे मुंबई इंडियन्स ने पांच विकेट पर 199 रन बनाए।

इसके जवाब में टाइटंस की टीम अश्वनी कुमार (24 रन पर चार विकेट), अल्लाह गजनफर (17 रन पर दो विकेट) और मिचेल सेंटनर (16 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 15.5 ओवर में 100 रन पर सिमट गई और कभी लक्ष्य के करीब पहुंचने की स्थिति में भी नहीं दिखी।

टाइटंस की ओर से वाशिंगटन सुंदर ने सर्वाधिक 26 रन बनाए जबकि उनके अलावा शाहरुख खान (17), कप्तान शुभमन गिल (14) और कागिसो रबाडा (12) ही दोहरे अंक में पहुंच पाए।

तिलक की पारी की बदौलत मुंबई की टीम अंतिम चार ओवर में 73 रन जोड़ने में सफल रही।

टाइटंस की ओर से रबाडा सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 33 रन देकर तीन विकेट चटकाए। मोहम्मद सिराज ने 25 जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने 54 रन देकर एक-एक विकेट हासिल किया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरे टाइटंस की शुरुआत खराब रही और टीम ने दूसरे ओवर में पांच रन तक ही साई सुदर्शन (00) और जोस बटलर (05) के विकेट गंवा दिए और टीम कभी इस खराब शुरुआत से नहीं उबर पाई।

सुदर्शन ने जसप्रीत बुमराह की पारी की पहली गेंद पर प्वाइंट पर कृष भगत को कैच थमाया जबकि बटलर को पंड्या ने पगबाधा किया।

वाशिंगटन सुंदर (26) ने पंड्या पर तीन चौकों के साथ शुरुआत की और फिर अश्वनी कुमार पर भी चौका जड़ा।

गिल ने बुमराह पर दो चौके मारे लेकिन अश्वनी कुमार की गेंद पर डीप स्क्वायर लेग पर नमन को कैच दे बैठे।

टाइटंस ने पावर प्ले में तीन विकेट पर 45 रन बनाए।

सुंदर भी इसके बाद मिचेल सेंटनर की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में बाउंड्री पर नमन के हाथों लपके गए।

एक गेंद बाद ग्लेन फिलिप्स (06) भी सेंटनर को उनकी गेंद पर वापस कैच देकर पवेलियन लौट गए जिससे टाइटंस का स्कोर पांच विकेट पर 55 रन हो गया।

शाहरुख और राहुल तेवतिया (08) ने कुछ देर विकेटों के पतन पर विराम लगाया लेकिन तेवतिया इसके बाद अश्वनी की गेंद पर विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक को कैच दे बैठे।

अश्वनी ने अगले ओवर में राशिद खान (04) और शाहरुख की पारी का अंत किया जबकि गजनफर ने रबाडा और सिराज (00) को आउट करके मुंबई को जीत दिलाई।

इससे पहले गिल ने टॉस जीतकर मुंबई इंडियन्स को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया जिस फैसले को रबाडा ने सही साबित करते हुए चौथे ओवर में 25 रन तक दोनों सलामी बल्लेबाजों क्विंटन डिकॉक (13) और दानिश मालेवार (02) को पवेलियन भेज दिया।

अच्छी फॉर्म में चल रहे नमन धीर ने मोहम्मद सिराज पर लगातार दो चौकों के साथ शुरुआत की। सूर्यकुमार यादव (15) ने भी रबाडा की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका मारा लेकिन इस तेज गेंदबाज ने इसी ओवर में उन्हें बोल्ड कर दिया।

मुंबई इंडियन्स ने पावर प्ले में तीन विकेट पर 46 रन बनाए।

नमन और तिलक वर्मा ने इसके बाद पारी को संभाला। नमन ने अशोक शर्मा पर लगातार दो चौके जड़ने के बाद वाशिंगटन सुंदर की लगातार गेंदों पर भी छक्का और चौका मारा।

मुंबई को इसके बाद बड़ा झटका लगा जब प्रसिद्ध कृष्णा की धीमी गेंद को पुल करने की कोशिश में नमन ने डीप स्क्वायर लेग बाउंड्री पर रबाडा को कैच थमा दिया। उन्होंने 32 गेंद का सामना करते हुए छह चौके और एक छक्का मारा।

मुंबई के रनों का शतक 14वें ओवर में पूरा हुआ।

तिलक ने प्रसिद्ध की लगातार गेंदों पर छक्का और दो चौके जड़कर तेवर दिखाए। उन्होंने 18वें ओवर में अशोक की लगातार गेंदों पर तीन छक्के और दो चौके से 26 रन बटोरे और इस दौरान 33 गेंद में मौजूदा सत्र का अपना पहला अर्धशतक पूरा किया।

अगले ओवर में सिराज की गेंद पर ग्लेन फिलिप्स ने पंड्या का शानदार कैच लपका।

तिलक ने प्रसिद्ध के अंतिम ओवर में दो छक्कों और दो चौकों के साथ 45 गेंद में शतक पूरा किया।

भाषा सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments