अहमदाबाद, 20 अप्रैल (भाषा) तिलक वर्मा के नाबाद तूफानी शतक से मुंबई इंडियन्स ने इंडियन प्रीमियर लीग में सोमवार को यहां गुजरात टाइटंस के खिलाफ पांच विकेट पर 199 रन बनाए।
तिलक ने आईपीएल के अपने पहले शतक के दौरान 45 गेंद में आठ चौकों और सात छक्कों से नाबाद 101 रन की पारी खेलने के अलावा कप्तान हार्दिक पंड्या (15 रन, 16 गेंद, एक चौका) के साथ पांचवें विकेट के लिए 81 और नमन धीर (45) के साथ चौथे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी भी की।
तिलक की पारी की बदौलत मुंबई की टीम अंतिम चार ओवर में 73 रन जोड़ने में सफल रही।
टाइटंस की ओर से कागिसो रबाडा सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 33 रन देकर तीन विकेट चटकाए। मोहम्मद सिराज ने 25 जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने 54 रन देकर एक-एक विकेट हासिल किया।
शुभमन गिल ने टॉस जीतकर मुंबई इंडियन्स को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया जिस फैसले को रबाडा ने सही साबित करते हुए चौथे ओवर में 25 रन तक दोनों सलामी बल्लेबाजों क्विंटन डिकॉक (13) और दानिश मालेवार (02) को पवेलियन भेज दिया।
रबाडा ने पारी के दूसरे ओवर में टी20 क्रिकेट में पदार्पण कर रहे मालेवार को पगबाधा किया और फिर अगले ओवर में डिकॉक को अपनी ही गेंद पर लपका।
अच्छी फॉर्म में चल रहे नमन धीर ने मोहम्मद सिराज पर लगातार दो चौकों के साथ शुरुआत की। सूर्यकुमार यादव (15) ने भी रबाडा की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका मारा लेकिन इस तेज गेंदबाज ने इसी ओवर में उन्हें बोल्ड कर दिया।
मुंबई इंडियन्स ने पावर प्ले में तीन विकेट पर 46 रन बनाए।
नमन और तिलक वर्मा ने इसके बाद पारी को संभाला। नमन ने अशोक शर्मा पर लगातार दो चौके जड़ने के बाद वाशिंगटन सुंदर की लगातार गेंदों पर भी छक्का और चौका मारा।
मुंबई को इसके बाद बड़ा झटका लगा जब प्रसिद्ध कृष्णा की धीमी गेंद को पुल करने की कोशिश में नमन ने डीप स्क्वायर लेग बाउंड्री पर रबाडा को कैच थमा दिया। उन्होंने 32 गेंद का सामना करते हुए छह चौके और एक छक्का मारा।
मुंबई के रनों का शतक 14वें ओवर में पूरा हुआ।
तिलक ने प्रसिद्ध की लगातार गेंदों पर छक्का और दो चौके जड़कर तेवर दिखाए। उन्होंने 18वें ओवर में अशोक की लगातार गेंदों पर तीन छक्के और दो चौके से 26 रन बटोरे और इस दौरान 33 गेंद में मौजूदा सत्र का अपना पहला अर्धशतक पूरा किया।
अगले ओवर में सिराज की गेंद पर ग्लेन फिलिप्स ने पंड्या का शानदार कैच लपका।
तिलक ने प्रसिद्ध के अंतिम ओवर में दो छक्कों और दो चौकों के साथ 45 गेंद में शतक पूरा किया।
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.