scorecardresearch
Saturday, 25 April, 2026
होमदेशप्रतापगढ़ में चोरों ने वृद्ध महिला की गला दबाकर की हत्या, अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज

प्रतापगढ़ में चोरों ने वृद्ध महिला की गला दबाकर की हत्या, अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज

Text Size:

प्रतापगढ़ (उप्र) 20 अप्रैल (भाषा) प्रतापगढ़ जिले के हथिगवां थानाक्षेत्र में कथित तौर पर अज्ञात चोर एक वृद्ध महिला की हत्या कर उसके आभूषण लेकर फरार हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनंदन राय ने सोमवार को बताया कि हथिगवां थाना क्षेत्र के भोला का पुरवा (बरना) में अपने घर में अकेली रह रहीं फुलझरिया देवी (85) की अज्ञात चोरों ने रविवार रात गला दबाकर हत्या कर दी और उनके पहने हुए चांदी के गहने लेकर फरार हो गए।

राय ने बताया कि इस घटना के संबंध में अज्ञात चोरों के विरुद्ध हत्या एवं अन्य अपराधों को लेकर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया।

उन्होंने बताया कि पति भगवत प्रसाद की मौत के बाद फुलझरिया देवी अपने बच्चों से अलग इस घर में रहती थीं।

उन्होंने बताया कि छानबीन से ऐसा प्रतीत होता है कि रात अज्ञात चोर घर में घुसे तथा विरोध करने पर उन्होंने गला दबाकर फुलझरिया देवी की हत्या कर दी एवं उनके पहने हुए चांदी के गहने लेकर फरार हो गए।

उन्होंने बताया कि सूचना पर पुलिस घटना पर पहुंची तो उसने देखा घर का सामान बिखरा पड़ा था और शरीर पर पहने आभूषण गायब थे। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया तथा घटना की जांच शुरू की गयी।

भाषा सं आनन्द राजकुमार

राजकुमार

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments