नयी दिल्ली, 20 अप्रैल (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक ऑफ महाराष्ट्र (बीओएम) का बीते वित्त वर्ष (2025-26) की जनवरी-मार्च तिमाही में शुद्ध लाभ 35 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 2,014 करोड़ रुपये रहा है।
पुणे मुख्यालय वाले इस बैंक का शुद्ध लाभ वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में 1,493 करोड़ रुपये था।
बैंक ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही के दौरान उसकी कुल आय बढ़कर 8,693 करोड़ रुपये हो गई, जो वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में 7,711 करोड़ रुपये थी।
वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के दौरान ब्याज आय भी बढ़कर 7,755 करोड़ रुपये हो गई, जो वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में 6,731 करोड़ रुपये थी।
परिसंपत्ति की गुणवत्ता के मोर्चे पर बैंक की सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्तियां (जीएनपीए) मार्च, 2026 के अंत तक घटकर कुल ऋण का 1.45 प्रतिशत रह गईं, जो मार्च, 2025 के अंत में 1.74 प्रतिशत थीं।
इसी तरह, शुद्ध एनपीए (एनपीए) भी घटकर 0.13 प्रतिशत रह गया, जो मार्च, 2025 के अंत में 0.18 प्रतिशत था।
भाषा योगेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.