scorecardresearch
Sunday, 19 April, 2026
होमदेशउत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप, प्रयागराज में पारा 44.6 डिग्री तक पहुंचा

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप, प्रयागराज में पारा 44.6 डिग्री तक पहुंचा

Text Size:

लखनऊ, 19 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी का प्रकोप तेज हो गया है और फिलहाल तपिश तथा लू से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

लखनऊ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार महाराष्ट्र के ऊपर निचले क्षोभमंडल में सक्रिय शुष्क पछुआ हवाओं के कारण तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। उत्तराखंड के तराई क्षेत्र को छोड़कर राज्य के अधिकतर इलाकों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।

रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान प्रयागराज, वाराणसी, सुलतानपुर, आगरा, बाराबंकी, बहराइच, शाहजहांपुर और हरदोई सहित कई शहरों में तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया और लू चली।

मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले सप्ताह में राज्य में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा और तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। खासकर दक्षिणी जिलों में दिन के समय लू चलने की प्रबल संभावना जताई गई है।

रिपोर्ट के अनुसार, रात के तापमान में भी बढ़ोतरी होने की संभावना है और अगले दो-तीन दिनों में उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में कुछ स्थानों पर रात का तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है।

पिछले 24 घंटों में प्रयागराज में सर्वाधिक 44.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि वाराणसी में 44.2 डिग्री और बांदा में 43.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। इसके अलावा सुलतानपुर, बाराबंकी और बहराइच समेत कई जिलों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।

राजधानी लखनऊ में सोमवार को आसमान साफ रहने के साथ अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने लोगों को विशेष रूप से दोपहर के समय तेज धूप और लू के संपर्क से बचने की सलाह दी है।

भाषा

सलीम रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments