scorecardresearch
Sunday, 19 April, 2026
होमखेलमध्यक्रम को लेकर चल रही बाहरी चर्चा की ज्यादा परवाह नहीं: पार्थिव

मध्यक्रम को लेकर चल रही बाहरी चर्चा की ज्यादा परवाह नहीं: पार्थिव

Text Size:

अहमदाबाद, 19 अप्रैल (भाषा) गुजरात टाइटंस के सहायक कोच पार्थिव पटेल ने रविवार को टीम के मध्य क्रम को लेकर चल रही बाहरी चर्चाओं को ज्यादा तवज्जो नहीं देते हुए कहा कि वह मुश्किल परिस्थितियों में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहा है।

टाइटंस की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स पर पांच विकेट से जीत हासिल करने के बाद सोमवार को मुंबई इंडियंस का सामना करेगी। टीम के निचले मध्य क्रम, विशेष रूप से राहुल तेवतिया और शाहरुख खान के आखिरी ओवरों के प्रदर्शन पर सवाल उठ रहे हैं।

मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच की पूर्व संध्या पर पार्थिव ने कहा, ‘‘मुझे पता है कि जीटी के मध्य क्रम को लेकर बाहर काफी चर्चा चल रही है, लेकिन जहां तक हमारी बात है, हम अपने प्रदर्शन से पूरी तरह संतुष्ट हैं।’’

तेवतिया और शाहरुख के बारे में पूछे जाने पर पार्थिव ने जवाब दिया, ‘‘जाहिर है, उन्होंने काम पूरा किया इसलिए उन्हें जो भी गेंदें मिल रही हैं, वे अपना काम कर रहे हैं। आप अगर रनों की संख्या और स्थिति की तुलना करने की कोशिश कर रहे हैं, तो यह किसी भी टीम के लिए एक जैसा नहीं होगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारा शीर्ष क्रम शानदार है, हम शीर्ष क्रम की बल्लेबाजी से बहुत खुश हैं। तेवतिया ने पिछले दो मैचों में शानदार प्रदर्शन किया है और शाहरुख (खान) नाबाद रहे, इसलिए हमें इसकी चिंता नहीं है।’’

भारत के इस पूर्व विकेटकीपर ने कहा, ‘‘अगर मैं आपको पिछले साल की बात याद दिलाऊं, जब दिल्ली के खिलाफ हमें एक ओवर में 10 रन चाहिए थे, तब तेवतिया आए और मिचेल स्टार्क की रिवर्स स्विंग होती गेंद पर छक्का लगाया, तो उन्होंने अपना काम बखूबी किया है। यहां तक कि कल भी शाहरुख नाबाद रहे।’’

भाषा आनन्द नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments