बर्द्धमान (पश्चिम बंगाल), 19 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विधानसभा चुनाव के लिए तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवारों के समर्थन में रविवार को बर्द्धमान में लगभग दो किलोमीटर पैदल चलकर एक रोडशो का नेतृत्व किया।
रोडशो के दौरान सड़क किनारे खड़े समर्थकों और तृणमूल कार्यकर्ताओं का बनर्जी ने अभिवादन किया।
बनर्जी दक्षिण बर्द्धमान से तृणमूल उम्मीदवार खोकन दास के साथ बर्द्धमान नगरपालिका कार्यालय से बिरहाटा ट्रैफिक गार्ड तक 1.8 किलोमीटर की दूरी पैदल चलकर गईं।
तृणमूल समर्थकों ने नारे लगाए और पार्टी के झंडे लहराए, जबकि उनमें से कुछ ने अपने हाथों में नीले और सफेद गुब्बारे ले रखे थे।
इससे पहले दिन में, बनर्जी ने तारकेश्वर, कालना और मंटेश्वर में तृणमूल उम्मीदवारों के लिए तीन रैलियों को संबोधित किया।
पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव 23 और 29 अप्रैल को होंगे और मतगणना चार मई को होगी।
भाषा आशीष देवेंद्र
देवेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.