नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. इस बीच मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 18 अप्रैल को कोलकाता और खड़गपुर में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जोरदार प्रचार किया.
उन्होंने कोलकाता जिले की कमरहाटी विधानसभा में अरुप चौधरी और खड़गपुर सदर में दिलीप घोष के पक्ष में जनता से वोट मांगे. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता अब जंगलराज और तृणमूल कांग्रेस से परेशान है और विकास चाहती है.
यादव ने कहा कि राज्य में डबल इंजन सरकार बनने पर तेज विकास होगा और युवाओं को रोजगार मिलेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में गरीबी और पलायन बढ़ा है. उन्होंने यह भी कहा कि बंगाल में बांग्लादेशी घुसपैठ रोकने के लिए एसआईआर प्रक्रिया जरूरी है.
खड़गपुर में रोड शो के दौरान बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाए. मुख्यमंत्री ने दावा किया कि भाजपा पश्चिम बंगाल में बड़ी जीत दर्ज करेगी और राज्य को विकास की नई राह पर ले जाएगी.