scorecardresearch
Saturday, 18 April, 2026
होमदेशमहिला आरक्षण से संबंधित विधेयक पारित नहीं होने पर ममता ने कहा: भाजपा का पतन शुरू हो गया

महिला आरक्षण से संबंधित विधेयक पारित नहीं होने पर ममता ने कहा: भाजपा का पतन शुरू हो गया

Text Size:

हावड़ा (पश्चिम बंगाल), 18 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को कहा कि लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने संबंधी संविधान संशोधन विधेयक को संसद के निचले सदन में पारित करने में विफल रहने के बाद भाजपा का ‘‘पतन’’ शुरू हो गया है।

हावड़ा के उलुबेरिया में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए बनर्जी ने दावा किया कि भाजपा ‘‘पराजित’’ हो चुकी है और केवल अपने सहयोगियों के समर्थन से ही सत्ता में बनी हुई है।

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा का पतन शुरू हो गया है। हमने भाजपा को हरा दिया है। उनके पास अपने दम पर बहुमत नहीं है। वे दूसरों के समर्थन से सत्ता में बने हुए हैं।’’

लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण 2029 के संसदीय चुनावों से लागू करने से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक शुक्रवार को संसद के निचले सदन में पारित नहीं हो पाया था।

परिसीमन के लिए भाजपा के दबाव बनाने को लेकर, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने आरोप लगाया कि वह (भाजपा) देश को ‘‘बांटना’’ चाहती है।

अपनी पार्टी द्वारा महिलाओं के अधिक प्रतिनिधित्व को सुनिश्चित करने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि तृणमूल की लोकसभा में 36 प्रतिशत और राज्यसभा में 46 प्रतिशत सदस्य महिलाएं हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे जैसी कोई दूसरी पार्टी नहीं है। भाजपा को हमसे सीखना चाहिए। मैं 1998 से महिला आरक्षण के लिए संघर्ष कर रही हूं।’’

बनर्जी ने भाजपा के लिए काम करने वालों को आगाह करते हुए कहा कि पार्टी केंद्र में लंबे समय तक सत्ता में नहीं रह पाएगी।

भाषा सुभाष प्रशांत

प्रशांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments