scorecardresearch
Saturday, 18 April, 2026
होमखेलखराब फॉर्म से जूझ रही केकेआर के खिलाफ जीत की राह पर लौटने उतरेंगे रॉयल्स

खराब फॉर्म से जूझ रही केकेआर के खिलाफ जीत की राह पर लौटने उतरेंगे रॉयल्स

Text Size:

कोलकाता, 18 अप्रैल (भाषा) शानदार फॉर्म में चल रही राजस्थान रॉयल्स पिछले मैच में मिली हार को भुलाकर जीत के लिये तरस रही कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ रविवार को आईपीएल के मैच में लय वापिस पाने के इरादे से उतरेगी ।

टूर्नामेंट की सबसे मजबूत टीमों में से एक रॉयल्स और खराब फॉर्म से परेशान केकेआर के बीच यह मुकाबला होगा ।

राजस्थान ने लगातार चार जीत दर्ज की लेकिन पिछले मैच में उसे सनराइजर्स हैदराबाद ने हराया । वहीं केकेआर छह मैचों में एक भी जीत हासिल नहीं कर पाई है ।

अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में केकेआर कई मौकों पर जीत के करीब पहुंचकर हार गई है जिससे टीम का आत्मविश्वास डगमगा गया है । पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच बारिश में धुलने से उसे एकमात्र अंक मिला है ।

केकेआर के तेज गेंदबाज हर्षित राणा और आकाश दीप चोटों के कारण बाहर हैं जबकि मथीषा पथिराना अभी तक आये नहीं हैं । रहाणे और मुख्य कोच अभिषेक नायर के कई फैसले भी विवादित रहे हैं । चयन से जुड़े फैसलों और मैच प्रबंधन पर ऊंगली उठी हैं ।

टी20 विश्व कप के बाद लय हासिल करने के लिये जूझ रहे स्पिनर वरूण चक्रवर्ती को पावरप्ले में उतारना समझ नहीं आया । अभिषेक शर्मा ने उनके एक ओवर में 25 रन निकाले थे जिससे उनका हौसला और टूट गया होगा । पहले चार मैच में वह कोई विकेट नहीं ले सके ।

न्यूजीलैंड के लिये टी20 विश्व कप में सर्वाधिक रन बनाने वाले टिम सीफर्ट को अभी तक एक ही मैच में उतारा गया जबकि स्टार हरफनमौला रचिन रविंद्र अभी तक खेले ही नहीं हैं । कई प्रतिभाशाली घरेलू क्रिकेटर भी बेंच पर ही बैठे रह गए ।

शेन वाटसन, टिम साउदी और ड्वेन ब्रावो जैसे दिग्गजों के सहयोगी स्टाफ में रहते हुए केकेआर सही एकादश नहीं उतार पाया है । रहाणे के टॉस जीतने के बाद के फैसले भी अजीब रहे हैं । मसलन गुजरात टाइटंस के खिलाफ पिच में नमी होते हुए उन्होंने बल्लेबाजी चुनी और पावरप्ले के भीतर स्कोर तीन विकेट पर 32 रन था ।

आगामी विधानसभा चुनाव के कारण अब यहां करीब एक महीने तक मैच नहीं होगा जिससे केकेआर घरेलू प्रशंसकों के सामने पहली जीत के लिये बेताब होगी । अब ईडन गार्डंस पर अगला मैच 16 मई को होगा ।

दूसरी ओर राजस्थान के विजय रथ पर सनराइजर्स ने विराम लगा दिया था । उसके शीर्ष बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल , लुआन ड्रि प्रिटोरियस और रियान पराग दोहरे अंक तक भी नहीं पहुंच सके थे । इस कमजोरी से टीम को पार पाना होगा ।

टीमें :

राजस्थान रॉयल्स: रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरेल, डोनोवन फरेरा, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, रवि सिंह, अमन पेराला, शिमरोन हेटमायर, शुभम दुबे, वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, रविंद्र जडेजा, सैम कुरेन, एडम मिल्ने, बृजेश शर्मा, जोफ्रा आर्चर, कुलदीप सेन, क्वेना मफाका, नांद्रे बर्गर, रवि बिश्नोई और संदीप शर्मा।

केकेआर: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), मनीष पांडे, रोवमैन पॉवेल, अंगकृष रघुवंशी, रमनदीप सिंह, रिंकू सिंह, सुनील नारायण, अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक, वरुण चक्रवर्ती, फिन एलन, मथीशा पथिराना, राहुल त्रिपाठी, टिम सीफर्ट, तेजस्वी दहिया, रचिन रवींद्र, आकाश दीप, ब्लेसिंग मुजाराबानी, नवदीप सैनी, प्रशांत सोलंकी, सार्थक रंजन, कार्तिक त्यागी, कैमरन ग्रीन, सौरभ दुबे, दक्ष कामरा।

समय: मैच शाम सात बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा।

भाषा

मोना

मोना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments