scorecardresearch
Thursday, 30 April, 2026
होमदेशतेज रफ्तार वाहन ने पुलिस कर्मी को टक्कर मारी, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

तेज रफ्तार वाहन ने पुलिस कर्मी को टक्कर मारी, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

Text Size:

नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के मंदिर मार्ग इलाके में तेज रफ्तार एसयूवी कार की टक्कर से दिल्ली पुलिस का एक हेड कांस्टेबल घायल हो गया। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

यह घटना 13 अप्रैल को उस समय घटी जब हेड कांस्टेबल महेंद्र, कांस्टेबल दीपेश के साथ, नयी दिल्ली जिले में रात्रिकालीन गश्त पर थे।

सूत्रों के अनुसार, रात करीब 11 बजे महेंद्र ने आसाराम बापू आश्रम के पास संदिग्ध रूप से खड़ी काले रंग की एसयूवी कार को देखा। उन्होंने बताया, ‘जब वह वाहन के पास पहुंचा और चालक से पूछताछ करने के लिए खिड़की पर दस्तक दी, तो वर्दी देखकर चालक घबरा गया और गाड़ी को तेज़ी से धौला कुआं की ओर भगा ले गया।’

संदिग्ध गतिविधि को भांपते हुए, महेंद्र ने तुरंत अपनी सरकारी मोटरसाइकिल से वाहन का पीछा किया। कुछ देर पीछा किए जाने के बाद, आरोपी चालक शंकर चौक के पास लाल बत्ती पर रुका और अचानक गाड़ी को पीछे की ओर ले जाने लगा।

सूत्रों के अनुसार, बाद में चालक ने अचानक गाड़ी की गति बढ़ा दी और पुलिसकर्मी की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी जिससे महेंद्र गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

इसी बीच, एक अन्य अधिकारी ने वाहन का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन चालक भागने में सफल रहा।

घायल हेड कांस्टेबल को इलाज के लिए पास के अस्पताल ले जाया गया और महेंद्र के बयान के आधार पर 14 अप्रैल को मामला दर्ज किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।

भाषा नोमान नोमान अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments