पणजी, 17 अप्रैल (भाषा) गोवा पुलिस की अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) ने आईपीएल के क्रिकेट मैचों पर अवैध सट्टेबाजी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है और इस सिलसिले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक (अपराध) राहुल गुप्ता ने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर रिबंदर स्थित दो विला में छापेमारी की गई।
उन्होंने बताया कि पहली छापेमारी 16 अप्रैल की आधी रात के बाद ‘करेकर रेजिडेंसी’ में की गई, जहां से विभिन्न राज्यों के आठ लोगों को पकड़ा गया।
गुप्ता ने बताया कि तलाशी के दौरान 48 मोबाइल फोन, चार लैपटॉप, 28 सिम कार्ड, 18 डेबिट कार्ड, चेक बुक, पासबुक, इलेक्ट्रॉनिक सामान और दो लाख रुपये नकद जब्त किए। इन सामान की कुल कीमत करीब आठ लाख रुपये आंकी गई है।
गुप्ता के अनुसार, दूसरी छापेमारी ओल्ड गोवा के कदंबा पठार स्थित ‘गेरा रिवर ऑफ जॉय’ परिसर के एक विला में की गई, जहां दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
इस दौरान 47 मोबाइल फोन, चार लैपटॉप, एक टैबलेट, 49 सिम कार्ड, एक टेलीविजन सेट और बैंक पासबुक जब्त किए, जिसकी कुल कीमत 20 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी ऑनलाइन मंचों के माध्यम से सट्टेबाजी गिरोह चला रहे थे। वे वर्तमान में जारी ‘इंडियन प्रीमियर लीग’ मैचों पर लगाए गए दांव के लिए ‘पे-इन’ और ‘पे-आउट’ सहित सभी वित्तीय लेनदेन का प्रबंधन कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच की जा रही है।
भाषा प्रचेता प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.