नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (भाषा) दिल्ली के बीचोंबीच स्थित बेहद पॉश इलाके गोल्फ लिंक में एक घरेलू सहायक ने अपने पांच साथियों के साथ मिलकर एक कारोबारी और उनके परिवार को घर में कथित रूप से बंधक बना लिया और 25 लाख रुपये की कीमत के आभूषण लेकर फरार हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम करीब छह बजे हुई वारदात के वक्त घर में एक बुजुर्ग दंपति, उनकी बहू और एक बच्चा मौजूद था।
आरोपियों ने उन्हें घर के अंदर बंद कर दिया और कीमती सामान, खासकर गहनों की मांग की।
सूत्र ने बताया कि घटना के दौरान किसी को चोट नहीं पहुंचाई गई।
लुटेरे कथित तौर पर लगभग 25 लाख रुपये के गहने लेकर फरार हो गए।
प्रारंभिक जांच में एक घरेलू सहायक की संलिप्तता का पता चला है, जिस पर अन्य आरोपियों को घर में प्रवेश कराने में मदद करने का संदेह है।
पुलिस ने बताया कि उसने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमें गठित की हैं ।
संदिग्धों की पहचान करने और अपराध से पहले और बाद में उनकी गतिविधियों का पता लगाने के लिए टीमें इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी घटनास्थल से कैसे भागे, यह जानने के लिए उनके आने-जाने के रास्तों की भी जांच की जा रही है।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.