scorecardresearch
Thursday, 30 April, 2026
होमदेशसरकार योग्यता आधारित शासन के लिए प्रतिबद्ध हैं: अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री

सरकार योग्यता आधारित शासन के लिए प्रतिबद्ध हैं: अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री

Text Size:

ईटानगर, 17 अप्रैल (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने शुक्रवार को विभिन्न विभागों में भर्ती किए गए 461 लोगों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए इस बात पर जोर दिया कि उनकी सरकार योग्यता आधारित शासन के लिए प्रतिबद्ध है।

इन उम्मीदवारों की भर्ती अरुणाचल प्रदेश कर्मचारी चयन बोर्ड (एपीएसएसबी) द्वारा आयोजित संयुक्त माध्यमिक स्तरीय परीक्षा (सीएसएलई) 2025 के माध्यम से की गई।

खांडू ने कहा कि राज्य एक ऐसी व्यवस्था का निर्माण कर रहा है जहां ‘योग्यता का सम्मान किया जाता है, मेहनत का फल मिलता है और ईमानदारी से कोई समझौता नहीं किया जाता।’

सात उपायुक्त कार्यालयों सहित 26 विभागों में ग्रुप-सी और ग्रुप-डी पदों के लिए कुल 47,132 उम्मीदवारों ने परीक्षा दी थी।

मुख्यमंत्री ने चयनित उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता कड़ी मेहनत, समर्पण और लगन का परिणाम है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवनियुक्त कर्मचारी विकसित अरुणाचल प्रदेश के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने कहा कि एपीएसएसबी ने पारदर्शी और योग्यता-आधारित भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित की है तथा राज्य में सुशासन को मजबूत करने में एक महत्वपूर्ण संस्था बनकर उभरा है।

उन्होंने इस बात का भी उल्लेख किया कि अनुसूचित जनजाति (एसटी) श्रेणी के उम्मीदवारों ने पहली बार 39 अनारक्षित सीटें हासिल की हैं। उन्होंने इसे बढ़ती प्रतिस्पर्धा का संकेत बताया।

उन्होंने भर्ती होने वाले उम्मीदवारों से कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और ‘मशीन लर्निंग’ जैसी उभरती प्रौद्योगिकियों के अनुकूल होने का आह्वान किया और विभागों को प्रशासनिक प्रशिक्षण संस्थान के सहयोग से प्रौद्योगिकी-आधारित प्रशिक्षण मॉड्यूल शुरू करने का निर्देश दिया।

भर्ती परीक्षा पिछले वर्ष 25 अक्टूबर को आयोजित की गई थी।

भाषा तान्या सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments