नई दिल्ली: मध्यप्रदेश में नर्मदापुरम जिले के सिवनी-मालवा में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 16 अप्रैल को 1000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी. उन्होंने 972.16 करोड़ रुपये की लागत से नर्मदापुरम-टिमरनी (72.18 किमी) स्टेट हाईवे-67 के उन्नयन और पुनर्निर्माण कार्य का भूमि-पूजन किया. इसके साथ ही 106.34 करोड़ रुपये के 96 अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया गया.
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने हितग्राहियों को लाभ वितरित किए और विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया. उन्होंने कहा कि सरकार बहनों, किसानों और गरीबों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है. सीएम ने ‘लाड़ली बहना योजना’, किसान कल्याण योजनाओं, दूध उत्पादन बढ़ाने की पहल और बच्चों के लिए ‘माता यशोदा योजना’ का उल्लेख किया.
उन्होंने सड़क, सिंचाई और शिक्षा से जुड़े कई नए प्रोजेक्ट्स की घोषणा भी की, जिनमें 40 गांवों की सिंचाई परियोजना, स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष, और स्थानीय बुनियादी सुविधाओं का विकास शामिल है. मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सड़क क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी और आर्थिक विकास को गति देगी.
रोड शो के दौरान जनता ने उनका भव्य स्वागत किया और पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला.