scorecardresearch
Thursday, 30 April, 2026
होमदेशउप्र: दो अलग-अलग मुठभेड़ के बाद अंतरराज्यीय चोरी गिरोह के छह आरोपी गिरफ्तार

उप्र: दो अलग-अलग मुठभेड़ के बाद अंतरराज्यीय चोरी गिरोह के छह आरोपी गिरफ्तार

Text Size:

जालौन/शाहजहांपुर, 17 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के जालौन और शाहजहांपुर जिले में पुलिस ने शुक्रवार को दो अलग-अलग मुठभेड़ के बाद चोरी की घटनाओं में लिप्त छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

जालौन के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनय कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मेडिकल कॉलेज परिसर के आसपास घेराबंदी की, जहां तीन संदिग्ध व्यक्ति छिपकर चोरी की साजिश रच रहे थे।

उन्होंने बताया कि पुलिस को देखते ही बदमाशों ने गोलीबारी शुरू कर दी और जवाबी गोलीबारी में तीनों बदमाशों के पैर में गोली लगी।

सिंह ने बताया कि घायल अभियुक्तों की पहचान मध्यप्रदेश निवासी भारत भील (30), अनिल भील (25) और दिनेश भील (25) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि तीनों को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया और उनके पास से दो तमंचा .315 बोर, एक रिवॉल्वर .32 बोर, 25 कारतूस, 60,000 रुपये नकद और चोरी के उपकरण बरामद किए गये हैं।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्तों ने उत्तर प्रदेश, गुजरात, राजस्थान और बिहार सहित कई राज्यों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देना कबूल की है।

वहीं शाहजहांपुर जिले में वाहनों की जांच के दौरान बचकर भागने की कोशिश कर रहे बदमाशों से हुई मुठभेड़ में गोली लगने से घायल दो बदमाशों और एक को सकुशल दबोच लिया।

शाहजहांपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सौरभ दीक्षित ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि निगोही जाने वाले मार्ग पर बृहस्पतिवार रात को वाहनों की जांच के दौरान यह मुठभेड़ हुई।

उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में पीलीभीत जिले का निवासी वाहिद खान (45) और फत्ते (32) निवासी शाहजहांपुर को गोली लगी जबकि मुन्ना को पुलिस ने धर दबोचा।

अधिकारी ने बताया कि इन आरोपियों पर चोरी के एक दर्जन से भी ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं।

भाषा सं आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments