अमरावती, 17 अप्रैल (भाषा) आंध्र प्रदेश सरकार ने चित्तूर जिले में कैथोड सामग्री विनिर्माण इकाई स्थापित करने के लिए एनपीएसपीएल स्पेशलिटी केमिकल्स की 2,550 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दी है।
इससे भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स और उन्नत सामग्री परिवेश को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।
गुडुपल्ले मंडल में 105 एकड़ में विकसित होने वाला यह संयंत्र लिथियम आयन बैटरी में उपयोग किए जाने वाले एक प्रमुख उपकरणों का उत्पादन करेगा, जो इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी), उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स और ऊर्जा भंडारण प्रणालियों को शक्ति देता है।
कैथोड सामग्री बैटरी के प्रदर्शन के लिए महत्वपूर्ण होती है, जो ऊर्जा घनत्व, सुरक्षा और जीवनचक्र को बेहतर बनाती है। इस परियोजना का मकसद भारत के घरेलू बैटरी और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण परिवेश को मजबूत करना है, क्योंकि देश महत्वपूर्ण सामग्रियों में आयात निर्भरता कम करने पर जोर दे रहा है।
आंध्र प्रदेश की इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण विनिर्माण नीति (2025-30) के तहत इस परियोजना को मंजूरी दी गई है।
राज्य सरकार के आधिकारिक आदेश के अनुसार इसे बिजली शुल्क छूट और बिजली लागत सहायता सहित कई प्रोत्साहन मिलेंगे।
भाषा पाण्डेय रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
