बदायूं (उप्र) 17 अप्रैल (भाषा) बदायूं जिला मुख्यालय के सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में नौ वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म करने के आरोप में एक टैक्सी चालक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहे वाली पीड़िता की मां ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है।
बच्ची की मां के अनुसार, उसका पति दुबई में कार्यरत है और वह अपने बच्चों के साथ सिविल लाइन क्षेत्र थाना स्थित अपने घर पर रहती है।
उसने कहा कि करीब चार महीने पहले उसकी मुलाकात बस अड्डे पर विनय नाम के व्यक्ति से हुई थी जो कादरचौक थाना क्षेत्र के सकरी कासिमपुर का रहने वाला है और दिल्ली में टैक्सी चलाता है। उसने बताया कि इसके बाद से विनय का उसके घर आना-जाना शुरू हो गया।
तहरीर के अनुसार, आरोपी विनय बृहस्पतिवार शाम को महिला के घर पहुंचा और उसने गुटखा लाने के बहाने से उसे दुकान भेज दिया तथा बच्ची को घर में अकेला पाकर उसके साथ कथित रूप से दुष्कर्म किया।
सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर विनय को गिरफ्तार कर लिया गया है।
उन्होंने कहा कि बच्ची को चिकित्सकीय जांच के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है।
भाषा सं आनन्द सिम्मी
सिम्मी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
