scorecardresearch
Tuesday, 21 April, 2026
होमदेशएनआईटी कुरुक्षेत्र की छात्रा ने आत्महत्या की, दो महीने में चौथा मामला

एनआईटी कुरुक्षेत्र की छात्रा ने आत्महत्या की, दो महीने में चौथा मामला

Text Size:

कुरुक्षेत्र, 17 अप्रैल (भाषा) कुरुक्षेत्र स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) की द्वितीय वर्ष की छात्रा अपने छात्रावास के कमरे में छत के पंखे के सहारे लगाए गए फंदे से लटकी पाई गई।

पिछले दो महीनों के भीतर परिसर में दर्ज किया गया छात्र आत्महत्या का यह चौथा संदिग्ध मामला है।

आदर्श थाने के थाना प्रभारी (एसएचओ) विशाल कुमार के अनुसार, कथित तौर पर आत्महत्या करने वाली छात्रा की पहचान दीक्षा दुबे के रूप में हुई है जो बिहार की रहने वाली थीं और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस व डेटा साइंस में बीटेक की पढ़ाई कर रही थीं।

उन्होंने बताया कि दुबे ने जब बृहस्पतिवार को अपनी सहेलियों के फोन का जवाब नहीं दिया तो वे उसके कमरे में पहुंचीं, लेकिन कमरा अंदर से बंद पाया। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक विभाग की टीम अपराह्न करीब तीन बजे मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर गई जहां उन्होंने दुबे को फंदे से लटका पाया।

शव को पोस्टमार्टम के लिए लोकनायक जय प्रकाश नारायण (एलएनजेपी) सिविल अस्पताल ले जाया गया है।

एसएचओ ने बताया कि घटना के वास्तविक कारण का अब तक पता नहीं चल पाया है। आगे की कार्यवाही जांच के निष्कर्षों और परिवार के बयानों पर निर्भर करेगी।

फरवरी से लेकर अब तक एनआईटी कुरुक्षेत्र में आत्महत्या का यह चौथा मामला सामने आया है।

आत्महत्या की संदिग्ध घटनाओं के कारण परिसर में विरोध प्रदर्शन हुए जिसमें बड़ी संख्या में छात्र देर रात मुख्य द्वार पर विरोध प्रदर्शन करने के लिए एकत्र हुए।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि छात्रावास के कुछ कर्मचारियों और अधिकारियों का व्यवहार संतोषजनक नहीं था और उन्होंने स्थिति से निपटने के तरीके पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने घटना के सामने आने के बाद प्रतिक्रिया में लगने वाले समय पर भी सवाल उठाया।

प्रशासन ने पूर्व में हुए मामलों के बाद परामर्श प्रणाली, शिक्षकों और छात्रों के बीच बेहतर संवाद और परामर्श सेवाओं जैसे उपाय शुरू किए थे। हालांकि छात्रों का मानना ​​है कि इस संबंध में और अधिक प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है।

तेलंगाना निवासी 19 वर्षीय अंगद शिव का शव 16 फरवरी को छात्रावास के कमरे में छत के पंखे के सहारे लगाए गए फंदे से लटका पाया गया था। प्रथम सेमेस्टर का यह छात्र संस्थान में कंप्यूटर विज्ञान एवं इंजीनियरिंग (सीएसई) की डिग्री हासिल कर रहा था। नूंह के एक अन्य छात्र ने 31 मार्च को एनआईटी कुरुक्षेत्र में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी।

आत्महत्या की तीसरी संदिग्ध घटना आठ अप्रैल को सामने आई, जब हरियाणा के सिरसा निवासी प्रियांशु शर्मा छात्रावास के अपने कमरे में छत के पंखे के साहरे लगाए गए फंदे से लटके पाए गए। वह सिविल इंजीनियरिंग विभाग में बीटेक तृतीय वर्ष के छात्र थे।

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान कुरुक्षेत्र के कार्यवाहक निदेशक ब्रह्मजीत ने बताया कि प्रशासन ने छात्रों द्वारा की गई कई मांगों को स्वीकार कर लिया है। छात्रों ने कल रात परिसर में छात्रा की कथित आत्महत्या के बाद विरोध प्रदर्शन किया था।

भाषा सुरभि संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments