scorecardresearch
Monday, 13 April, 2026
होमदेशअर्थजगतश्रमिकों के प्रदर्शन का असर नहीं, संचालन नियमों के अनुरूप: मदरसन

श्रमिकों के प्रदर्शन का असर नहीं, संचालन नियमों के अनुरूप: मदरसन

Text Size:

नयी दिल्ली, 13 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के नोएडा में विभिन्न उद्योगों के श्रमिकों के कई स्थानों पर हो रहे प्रदर्शनों के बीच वाहनों के कलपुर्जे बनाने वाली कंपनी मदरसन सूमी वायरिंग इंडिया लिमिटेड ने सोमवार को कहा कि उसके संचालन पर कोई खास असर नहीं पड़ा है और वह सभी लागू कानूनों का पालन कर रही है।

उत्तर प्रदेश पुलिस के अनुसार, नोएडा के कई स्थानों पर प्रदर्शन हुए, जिनमें बाहर के कुछ तत्वों द्वारा उकसाने की बात सामने आई है। हालांकि, केवल एक स्थान पर हिंसा हुई, जिसे न्यूनतम बल प्रयोग कर नियंत्रित कर लिया गया।

बड़ी संख्या में विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के श्रमिक वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर नोएडा के कई इलाकों में एकत्र हुए। कुछ स्थानों पर प्रदर्शन हिंसक हो गया, जिससे आगजनी, तोड़फोड़ और यातायात बाधित होने की घटनाएं सामने आईं।

कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा, ‘‘यह एक व्यापक श्रम मुद्दा है, जो नोएडा और कुछ अन्य शहरों के कई उद्योगों को प्रभावित कर रहा है। इसके पीछे वेतन संशोधन को लेकर फैलाई जा रही गलत जानकारी मुख्य कारण है।’’

कंपनी ने कहा, ‘‘हमारा संचालन सभी लागू कानूनों के अनुरूप है और इसका कंपनी पर कोई खास असर नहीं पड़ा है।’’

कंपनी ने यह भी कहा कि कर्मचारियों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और हालात को जल्द सामान्य करने के लिए प्रशासन उद्योगों के साथ मिलकर काम कर रहा है।

भाषा योगेश अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments