नयी दिल्ली, 12 अप्रैल (भाषा) राज्यसभा में तृणमूल कांग्रेस के नेता डेरेक ओ’ब्रायन ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोलते हुए उन पर आगामी चुनाव से पहले ‘‘संसद का उपहास करने’’ और राजनीतिक नाटकबाजी करने का आरोप लगाया।
उनकी ये टिप्पणी संसद के 16 से 18 अप्रैल तक निर्धारित तीन दिवसीय विशेष सत्र की पृष्ठभूमि में आई है। इस दौरान सरकार द्वारा लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए आरक्षण से संबंधित कानून और लोकसभा में सीट की संख्या बढ़ाने के लिए परिसीमन पर विचार किए जाने की उम्मीद है ताकि आरक्षण को लागू किया जा सके।
ओ’ब्रायन ने एक बयान में कहा, ‘‘अमित (शाह) और नरेन्द्र (मोदी), यह गुजरात जिमखाना क्लब नहीं है। संसद और हमारे देश की जनता का उपहास करना बंद करें।’’
राज्यसभा सदस्य ने कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के चुनाव से पहले ये नाटक और हथकंडे बंद करें। आपकी मंशा ठीक नहीं है।’’
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को लोकसभा और राज्यसभा के सदन के नेताओं को पत्र लिखकर संसद के तीन दिवसीय विशेष सत्र के दौरान महिला आरक्षण कानून में संशोधनों का समर्थन करने का आग्रह किया।
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लागू करने के लिए मसौदा विधेयकों को मंजूरी दे दी है। प्रस्तावित परिवर्तनों में लोकसभा की सीट की संख्या 543 से बढ़ाकर 816 करना शामिल है, जिनमें से 273 सीट महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।
इसमें अधिनियम के प्रावधानों को संशोधित करने के लिए एक संविधान संशोधन विधेयक और परिसीमन अधिनियम में संशोधन शामिल होने की उम्मीद है ताकि सदन की बढ़ी हुई संख्या के अनुरूप निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्निर्धारण किया जा सके।
एक अन्य विधेयक में आरक्षण ढांचे को दिल्ली, जम्मू कश्मीर और पुडुचेरी सहित विधानसभा वाले केंद्र शासित प्रदेशों तक विस्तारित करने की भी संभावना है।
भाषा
सुरभि अमित
अमित
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
